Breaking News
recent

मारपीट और अपहरण के दो आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

चौमहला. पुलिस ने थाना अधिकारी के नेतृत्व में अलग अलग टीम गठित कर दो जनों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। गौशाला के सामने कृपाल सिंह पुत्र सज्जन सिंह निवासी गंगधार खेड़ा को देसी कट्टे और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। वहीं चोमहला कुंडला रोड पर सुरेश चंद पुत्र बगदू राम मेघवाल जेताखेड़ी को तलवार के साथ गिरफ्तार किया। दोनों ने मंगलवार को ही तूफानसिंह निवासी बापचा थाना सीतामहु मध्य प्रदेश के साथ मारपीट कर अपहरण किया था। कार्रवाई के दौरान गंगधार पुलिस एएसआई जगदीश प्रसाद, हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार, जानकीलालए, महेंद्र कुमार, रघुनाथ, मातादीन, बृजेश और बलराज मौजूद रहे।

अज्ञात कारणों से मकान में आग, घरेलू सामान खाक
बकानी. क्षेत्र के मोड़ी गांव में मकान में अचानक आग लगने से एक लाख रुपए का नुकसान हुआ। पीरूलाल पुत्र पुरीलाल लोधा के मकान में बुधवार शाम 5 बजे के लगभग अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे घरेलू सामान व घास जल गई, आग इतनी ज्यादा थी की पत्थर के लेंटर एंव पट्टीया टूट गईं। घटना के दौरान पूरा परिवार खेत पर था। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुचना पर पटवारी ने मौका-मुआयना किया।

दसवीं के छात्र ने फांसी लगा जान दी
खानपुर. कस्बे के निजी स्कूल में कक्षा 10 में पढ़ रहे छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल आत्महत्या का कारण पढ़ाई को लेकर तनाव बताया जा रहा है। पुलिस चौकी प्रभारी हनुमान सिंंह झाला ने बताया कि पनवाड़ थाना क्षेत्र के गांव बोहरा निवासी छात्र दिलखुश (17) पुत्र प्रहलाद मीणा खानपुर में निजी स्कूल में कक्षा 10 में अध्ययनरत होकर बड़ा बाजार स्थित त्रिगुणायत मोहल्ले में किराये के कमरे में रहता था। पढ़ाई में कमजोर होने से उसने फांसी का फन्दा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह 8 बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर किरायेदारों ने धक्का देकर दरवाजा खोला। अंदर वह गैस सिलेंडर पर चढ़कर फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपौ। पुलिस को फिलाहल मौके से किसी प्रकार के साक्ष्य प्राप्त नहीं हुए हैं। पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जमीन विवाद में छोटे भाई पर हमला
चौमहला. थाना क्षेत्र के सेमली सरोद गांव में बड़े भाई ने जमीन विवाद को लेकर छोटे भाई का सिर पत्थर से फोड़ दिया। कालू सिंह और चेन सिंह के बीच कुछ दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसमे बड़े भाई कालू सिंह ने पत्थर से चेन सिंह पर हमला कर दिया। इससे वह गम्भीर घायल हो गया। उसे सीएचसी चौमहला में प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ रैफर किया है।

मतदाता के दो स्थानों पर नाम मिले तो दर्ज होगी एफआईआर
खानपुर. विधानसभा क्षेत्र में मतदाता पुनरीक्षण अभियान के समापन पर 25 जनवरी के बाद एक ही मतदाता के 2 अलग-अलग स्थानों पर नाम मिलने पर थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उपखंड अधिकारी भागीरथराम चौधरी ने बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा 25 जनवरी तक विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया है। इस दौरान मतदाताओं द्वारा संबंधित बीएलओ से मिलकर नाम कटाने के लिए आवेदन किया जा सकता है।

मूर्ति चोरी के दो आरोपी कोटा से पकड़े
झालावाड़. जुआरी मोहल्ले में मूर्ति चुराने के शेष दो आरोपियों को कोटा से पकड़कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया। सीआई हर्षराजसिंह खरेड़ा ने बताया कि मोना उर्फ माजिद व अच्छू उर्फ अब्दुल सलाम को बुधवार को जेल भेज दिया। उनके पास से घटना में काम लिए सरिये सहित अन्य सामान भी जब्त कर लिए।

विवाहिता ने लगाई एसडीएम से न्यास की गुहार
मनोहरथाना. कस्बे निवासी विवाहिता ने बुधवार को उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि फरियादिया ने 17 अगस्त 2018 को देवर के विरुद्ध दुष्कर्म, ससुर पर छेड़छाड़ और पति सहित 13 जनों पर दहेज प्रताडऩा, धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने 5 माह गुजरने के बाद भी 13 जनों में से एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। मुकदमा वापस लेने के लिए आए दिन डराया, धमकाया जा रहा है। उच्च अधिकारी से शिकायत पर जांच अधिकारी ने भी गाली गलोच की। मुकदमें में जो गवाह हंै, उनके बयान दर्ज नहीं किए। जो बयान लिये वे सब मुलजिमों के रिश्तेदार व मिलने वाले हैं। यदि 4 दिन में सभी मुलजिमों की गिरफ्तारी नहीं की तो वह एसडीएम कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठेगी। वहीं मनोहरथाना थानाप्रभारी सीआई अजीत ने बताया कि मामले की जांचअधिकारी अकलेरा पुलिस वृत अधिकारी द्वारा जांच करने पर दो दिन पूर्व मंगलवार को ही पुलिस द्वारा जप्त दहेज के सभी सामान फरियादिया को सौंपे दिए। मुलजिमों की गिरफ्तरी नहीं होकर चालान के साथ न्यायालय में पेश किए जाएंगे। उसके बाद न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई की जाएगी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.