एक माह से अधूरी पुलिया से परेशानी झेल रहे राहगीर
-सुभाष कॉलोनी सर्किल से खंडिय़ा चौराहे के बीच एक माह से निर्माण कार्य बंद
-जितेंद्र जैकी-
झालावाड़. शहर में सुभाष कॉलोनी सर्किल से खंडिय़ा चौराहे पर सीसी रोड़ का काम के बीच बालजी की छतरी के सामने एक नाले की पुलिया का काम इन दिनो बंद होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसका निर्माण कार्य करीब एक माह से बंद पड़ा है। सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से सुभाष कॉलोनी सर्किल से खंडिय़ा चौराहे तक 42.5 लाख की लागत से सीसी रोड़ का निर्माण किया गया है। इसके बीच सीवरेज लाईन भी डाली गई है। बीच में बालजी की छतरी के सामने स्थित नाले पर पुलिया को खोद कर पटक दिया गया है व इसका निर्माण बंद है इससे वाहनों को इस रास्ते पर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
-शुरु से ही धीमा रहा इस रोड़ का काम
शहर के खंडिय़ा चौराहे से सुभाष कॉलोनी सर्किल तक का निर्माण कार्य 14 अप्रेल 2018 से शुरु किया गया था। लेकिन काम की गति शुरु से ही धीमी रही। महिनों तक पुराने डामर रोड़ को खोद कर पटक दिया गया था। लोग काफी परेशान हुए। विभाग ने इस दौरान बारिश के कारण काम बंद होने का बहाना ले लिया। बड़ी मुश्किल में बारिश के बाद निर्माण कार्य शुरु हुआ, फिर सीवरेज लाइन डालने के काम के पूरा होने का इंतजार में ठप हो गया। अब जब सीवरेज लाइन का काम पूरा हो गया तो बीच में स्थित नाले की पुलिया का काम अधूरा छोड़ दिया गया। वर्तमान में पुलिया को खोद कर छोड़ रखा है। इसी प्रकार खंडिय़ा चौराहे पर भी करीब तीस पैतीस मीटर का सीसी रोड़ की एक साईड अधूरी पड़ी है। इससे यहां अक्सर छोटी मोटी दुर्घटनाएं होती रहती है। दुपहिया वाहन सवार फिसल कर गिरते हुए चोटिल हो जाते है।
-जनता की पीड़ा
बालजी की छतरी के सामने रहने वाले निखिल कपूर ने बताया कि एक माह से बंद पड़े पुलिया के काम के कारण धूल मिट्टी का गुबार दिन भर उड़ता हुआ घर में आ जाता है। कई बार सम्बंधित विभाग के अधिकारियों व ठेकेदारों से कहा लेकिन कोई हल नही निकला। यहां शुरु से ही परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोड़ पर बने सीवरेज के चेम्बर भी सड़क से ऊंचे है। इसलिए अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती है।
-तिलक नगर निवासी राधेश्याम बैरागी ने बताया कि सुभाष कॉलोनी सर्किल व खंडिय़ा चौराहे के बीच दोनो ओर से प्रवेश के स्थान पर मार्ग की दुर्दशा हो रही है। बालजी की छतरी के सामने पुलिया खुदी पड़ी है वहीं खंडिय़ा चौराहे पर एक साईड अधूरी पड़ी है। यहां अक्सर दुपहिया वाहन सवारों को फिसलते हुए देखा जा सकता है। प्रशासन को इस ओर शीघ्र ध्यान देना चाहिए।
-निर्माण कार्य शुरु करवा दिया जाएगा
इस सम्बंध में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता डी.पी. अग्रवाल ने कहा कि सुभाष कॉलोनी सर्किल से खंडिय़ा के बीच बालजी की छतरी के सामने नाले पर पुलिया का निर्माण कार्य सीवरेज के चेम्बर नही डलने से रुका हुआ थ। अब चेम्बर का काम हो चुका है इसलिए एक-दो दिन में निर्माण कार्य शुरु करवा दिया जाएगा।





No comments:
Post a Comment