पाली. मारवाड़ जंक्शन विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय विधायक खुशवीरसिंह जोजावर की मंगलवार दोपहर विधानसभा में अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अब उनकी तबीयत में सुधार बताया जा रहा है।
दरअसल, विधायक जोजावर मंगलवार को सदन की कार्रवाई में हिस्सा ले रहे थे। इस दौरान अचानक उनके पेट में दर्द उठा। उन्हें तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। विधायक के निजी सचिव भोपाल मीणा ने बताया कि विधायक की तबीयत में अब सुधार है। इधर, विधायक की तबीयत बिगडऩे की सूचना जैसे ही सोशल मीडिया पर पोस्ट हुई, उनके समर्थक चिंतित हो उठे। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। विधायक की कुशलक्षेम जानने के लिए उनके समर्थकों ने अलग-अलग जगह सम्पर्क किया।
गौरतलब है कि इन दिनों विधानसभा सत्र चल रहा है। प्रदेश के अधिकांश विधायक विधानसभा कार्यवाई में शामिल होने के लिए जयपुर में है।
कड़े मुकाबले में जीते है चुनाव
विधानसभा चुनाव में खुशवीरसिंह जोजावर काफी चर्चित रहे। उन्होंने कड़े मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी केसाराम चौधरी को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में हरा दिया था। कांग्रेस नेता जोजावर टिकट नहीं मिलने पर पार्टी से बागी होकर चुनाव मैदान में उतरे थे। उन्होंने भाजपा के केसाराम चौधरी को 251 मतों से हराया। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी जसाराम तीसरे स्थान पर रहे। पाली जिले की छह सीटों में से मारवाड़ जंक्शन मात्र एक सीट रही, जहां निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीतने में सफल रहा। जबकि अन्य सीटों पर भाजपा काबिज हुई।
जल संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय
सियासत के इतर विधायक सिंह की सामाजिक क्षेत्र में भी विशिष्ट पहचान है। वे जल संरक्षण के रूप में लम्बे समय से सक्रिय है। उन्होंने नदी-तालाब, बावडिय़ों के संरक्षण के लिए काफी काम किया। वे जल भागीरथी फाउंडेशन से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने पानी बचाने की मुहिम चलाई है। सिंह 2009 से 2014 तक जिला प्रमुख भी रहे है। जिला प्रमुख रहते हुए भी जल संरक्षण के क्षेत्र में भी उनकी कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां रही हैं। वे दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। इससे पूर्व उन्होंने 2003 में कांग्रेस पार्टी से चुनाव जीता था।





No comments:
Post a Comment