श्रीगंगानगर। इलाके के विधायक राजकुमार गौड़ ने जिला प्रशासन को ऐसी घुडकी दी कि अब कलक्टर सहित आला अफसरों ने हनुमानगढ़ रोड की हाालत में सुधार करने के लिए दौड़ लगानी शुरू कर दी है। विधानसभा सदन सत्र के दौरान विधायक गौड़ ने यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल को शहर में सीवरेज खुदाई में लगी ठेका कंपनी की मनमर्जी की शिकायत कीै।
शासन सचिव की कॉल के बाद अब प्रशासन ने हनुमानगढ़ रोड पर पिछले चार महीने से बिगड़ी हालत को सुधारने के लिए ठेका कंपनी एल एंड टी के अधिकारियों को फटकार लगाई है। शहर में पिछले पांच साल में सडक़ों की सेहत पर करोड़ों रुपए का बजट खर्च किया गया था लेकिन भाजपा सरकार ने जाते जाते सीवर प्रोजेक्ट की प्रक्रिया फिर से छेड़ कर सारी मेहनत पर पानी फेर दिया।
इसका गुस्सा लोगों ने विधानसभा चुनाव में खिलाफत में वोटिंग से अपना रोष व्यक्त कर हकीकत बयां कर दी। गत दो महीने से हनुमानगढ़ रोड पर रिद्धि सिद्धि एन्केलव कॉलोनी के आगे से सीवर पाइप लाइन बिछाने के लिए सीवरेज प्रोजेक्ट की ठेका कंपनी एल एंड टी ने सडक़ की खुदाई कर दी, यह काम अब बंद पड़ा हैं।
इस कॉलोनी के मुख्य गेट से लेकर बहल हॉस्पीटल तक खुदाई हो चुकी है लेकिन लाइन बिछाने की प्रक्रिया ठेका कंपनी ने अनदेखी कर रखी है। इसका परिणाम है कि हनुमानगढ़ रोड पर डीटीओ आफिस से लेकर सीजीआर मॉल तक ट्रैफिक को एक साइड में डायवर्ट कर दिया है।
सडक़ के एक साइड से वाहनेां की आवाजाही होने से सडक़ दुर्घटना होने का अंदेशा बना हुआ है। वहीं रात के समय यहां ट्रैफिक अधिक होने के कारण जाम जैसी स्थिति होने लगी है। रही कही कसर आवारा पशुओं ने पूरी कर दी है। इस सडक़ खुदाई के दौरान मिट्टी पर बैठने या वहां आकर मस्ती करने के मूड में इन पशुओं के आपस में हिंसक होने की घटनाएं लगातार हो रही है।
डेढ़ साल पहले विश्वास विद्या मंदिर स्कूल के पास आवारा पशु के एकाएक उग्र होने के कारण बाइक सवार सतीश तलवार की मौत हो गई थी। इस घटना के बावजूद जिला प्रशासन ने सबक नहीं लिया है। सबसे ज्यादा व्यस्तम रहने वाले इस मार्ग पर सीवर ठेका कंपनी की मनमर्जी के कारण रोजाना सैंकड़ों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। इसमें खासतौर पर दुपहिया वाहन चालकों की अधिक परेशानी आ रही है। रोडलाइट बंद और एक साइड में ही वाहनों के आवाजाही होने के कारण दुर्घटना का खतरा अधिक हो गया है।
इधर, सुखाडिय़ा सर्किल से मीरा चौक तक सुखाडिय़ा मार्ग और मीरा चौक से चहल चौक तक मीरा मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण मंथर गति से चल रहा है। इस कारण आधे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ चुकी है। यह निर्माण आरएसआरडीसी (राजस्थान स्टेट रोड डवलपमेंट कार्पोरेशन) की ओर से ठेकेदार करवा रहा है।
निर्माण की गति इतनी धीमी है कि पूरे इलाके की ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई है। राज्य सरकार ने आरएसआरडीसी के माध्यम से करीब साढ़े बारह करोड़ रुपए का बजट खर्च कर रही है।





No comments:
Post a Comment