रतनगढ़. जिला प्रभारी मंत्री एवं तकनीकी शिक्षा व स्वास्थ्य राज्य मंत्री सुभाष गर्ग ने सोमवार शाम पंचायत समिति सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने कहा कि जनता के लिए चलाई गई जितनी भी जनकल्याणकारी योजनाएं हैं उनका भरपूर फायदा अगर नहीं मिल पा रहा तो उनको चलाने का क्या फायदा। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य में अगर कोई अधिकारी दायित्व का निर्वहन जिम्मेदारी से नहीं कर रहा है तो बर्दाश्त नहीं होगा। मंत्री ने सभी संबन्धित अधिकारियों से संबन्धित योजनाओं के बारे में जानकारी ली और प्रगति व क्रियान्वयन में समन्वय के अनुपात का फीडबैक लिया। उन्होंने इसे पहली व परिचय बैठक बताते हुए अगली बैठक शीघ्र लेने को कहा। उसमें तैयारी व प्रगति रिकार्ड के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए। तहसीलदार गोकुलदान चारण ने कहा कि जिले में प्रवर्तन निरीक्षक नहीं है तो मंत्री ने शीघ्र लगाने का आश्वासन दिया। पीएमओ डा.राजेन्द्र गौड़ ने चिकित्सकों के रिक्त पद होने से हो रही परेशानियों से अवगत कराया तो मंत्री ने कहा कि वे इस सन्दर्भ में शीघ्र व्यवस्था कराएंगे। उन्होंने राजकीय अस्पताल के बारे में जानकारी ली। सीएमएचओ डा.मनोज शर्मा से पीएचसी व सीएचसी के बारे में जानकारियां ली। एसडीएम संजू पारीक को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ से खाद्य पदार्थों के सैम्पल लेने व मिलावटी मसालों व मिलावटी मिठाइयों को लेकर अभियान चलाकर जांच के निर्देश दिए।
लिया फीड बैक
गर्ग ने आपणी योजना के बारे में फीड बैक लिया और इसमें शीघ्र लोगों को राहत दिलाने का कहा। स्वाइन फ्लू के बारे में जानकारी ली और इससे बचाव के लिए संगोष्ठियां व प्रचार प्रसार करने का कहा। कानून व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अस्पताल व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही बरते जाने पर उन्हें अविलम्ब अवगत कराने का कहा। डीएसपी नारायणदान, एसआई सुरतानासिंह, बीडीओ दिनेशचन्द्र मिश्रा, ईओ नूर मोहम्मद, विद्युत निगम एवं जलदाय विभाग के अभियन्ता, कांग्रेस जिला सह प्रभारी जियाउर रहमान, जिलाध्यक्ष भंवरलाल पुजारी, पीसीसी सदस्य रमेशचन्द्र इन्दौरिया, कल्याणसिंह, नगर अध्यक्ष अरविन्द चाकलान उपस्थित थे।





No comments:
Post a Comment