Breaking News
recent

अतिथि को लेकर विवाद: छात्रसंघ उद्घाटन समारोह आज, कटारिया ही आएंगे

भीलवाड़ा।

 

शहर के माणिक्यलाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय में मंगलवार सुबह 11.30 बजे छात्रसंघ का शपथग्रहण समारोह होगा। मुख्य अतिथि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया होंगे। प्राचार्य इंदुबाला बापना ने बताया कि अध्यक्ष की भावना को ध्यान में रखते ही अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।

 

सांसद सुभाष बहेडि़या, विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड, पूर्व मुख्य सचेतक कालूलाल गुर्जर अतिथि होंगे। इसके अलावा छात्रसंघ पदाधिकारियों के माता-पिता को भी बुलाया गया है।

 

प्राचार्य बापना ने बताया कि अतिथि बुलाने के संबंध में बैठक हुई थी। इसके बाद अध्यक्ष की भावना को ध्यान में रखते हुए अतिथियों को बुलाया गया है। शुरुआत में कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था, लेकिन बाद में उन्हें समझाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने भी एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं को समझाया है।

 

पिछले साल भी यही थी स्थिति

 

कॉलेज में पिछले साल एनएसयूआइ के टीकमचंद जाट अध्यक्ष थे। उपाध्यक्ष रवि शर्मा, महासचिव रविसिंह राठौड़ व संयुक्त सचिव रौनक हिंगड़ थे। तीनों एबीवीपी के थे। हालात ये थे कि छात्रसंघ उद्घाटन समारोह भी नहीं हुआ था। इसमें भी अतिथि चयन को लेकर विवाद था।

 

इस साल यह है स्थिति

 

इस बार छात्रसंघ अध्यक्ष शंकर गुर्जर व उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष बालकृष्ण शर्मा एबीवीपी से हैं। महासचिव गिलुसिंह व सचिव मनोज खटीक एनएसयूआइ से हैं। एेसे में अतिथि को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है।

 

चर्चा में है ऑडियो

 

एनएसयूआइ जिलाध्यक्ष व अन्य छात्रसंघ पदाधिकारियों की ओर से कटारिया को किए गए फोन का ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें कटारिया को कार्यक्रम में नहीं आने की बात कही गई है। इससे पूर्व कॉलेज में तोडफ़ोड़ का ऑडियो वायरल हो चुका था। सोशल मीडिया पर दोनों ऑडियो वायरल हो रहे हैं।

 

छात्रसंघ अध्यक्ष बोले-प्रशासन बना रहा दबाव

 

इधर, महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष शंकर गुर्जर ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन व छात्रसंघ का कार्यक्रम है। इसमें छात्रसंघ के पदाधिकारी मिलकर कार्यक्रम तय कर सकते हैं, लेकिन कुछ बाहर के असामाजिक तत्व कार्यक्रम को बिगाड़ रहे हैं। जिला प्रशासन को एेसे व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। जिला प्रशासन का हम पर दबाव है कि कार्यक्रम स्थगित कर लो या बैठकर चर्चा करो। उन्होंने कहा, कटारिया ही हमारे अतिथि हैं और वे आएंगे।

 

एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध

 

कॉलेज में अतिथि बनाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया का एनएसयूआइ ने विरोध किया है। जिला महासचिव राजकुमार खटीक व छात्रनेता भावेशकुमार पुरोहित के नेतृत्व में सूचना केन्द्र चौराहे पर कटारिया का पुतला फूंका गया। जिलाध्यक्ष रितेश गुर्जर ने बताया कि शुरुआत से ही माता-पिता को मुख्य अतिथि बनाने, अध्यक्षता प्राचार्य व विशिष्ट अतिथि उपाचार्य व व्याख्याताओं को बनाने की मांग रखी गई थी। गौरतलब है कि एनएसयूआइ जिलाध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष कटारिया को फोन भी किया था। इसमें कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की बात कही थी। जिलाध्यक्ष गुर्जर के अनुसार 'फोन पर कटारिया ने कहा कि मैं विरोध से नहीं डरता हूं, मुझे संगठन कहेगा तो जरूर आऊंगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.