Breaking News
recent

फोरलेन निर्माण के फेर में ग्रामीण लिंक रोड बेहाल

दौसा. मनोहरपुर-कौथून राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौसा से लालसोट के बीच कई जगह सड़क निर्माण कम्पनी गांवों से बिना अनुमति मिट्टी खुदाई कर ग्रामीण सड़कों से परिवहन कर निर्माणधीन हाइवे पर ला रही है। इससे ग्रामीण सड़कें जीर्ण-शीर्ण हो गई। वहीं परिवहन से उडऩे वाली धूल से सड़कों के समीप खेतों में खड़ी फसल भी धूल जमने से खराब हो रही है। मानपुरिया निवासी कैलाश चन्द्र प्रजापत ने बताया कि उन्होंने महंगा बीज लाकर गेहूं की फसल की बुवाई की है, लेकिन दिनभर उड़ती धूल के कारण फसल चौपट हो चुकी है।

 


इन सड़कों को किया क्षतिग्रस्त


राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौसा से लालसोट तक गत एक वर्ष से सड़क निर्माण कम्पनी पीएनसी जगह-जगह ग्रामीण सड़कों से मिट्टी लाकर सीसी निर्माण का काम कर रही है। कम्पनी यह मिट्टी आसपास के दो-तीन किलोमीटर के दायरे से ला रही है। भारी वाहनों में मिट्टी लाने के कारण ग्रामीण सड़कों की हालत बहुत खराब हो गई। जिन सड़कों को सार्वजनिक निर्माण विभाग ने बनाया था, अब उन पर जगह-जगह डामर उखड़ चुकी है। कई जगह तो गहरे गड्ढे हो चुके हैं। जिन सड़कों को पीडब्ल्यूडी ने पांच साल की गारंटी में बनाया था, उनमें से कोई दो तो कोई ढाई वर्ष में ही उधड़ चुकी है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में खासी परेशानी भुगतनी पड़ रही है।

 


इसी तरह निर्माण कम्पनी ने दौसा के समीप बिजौरी से रामजीपुरा गांव के लिए बनी डामर रोड को पूरी तरह खराब कर दिया है। यहां तक की इस सड़क पर पुलिया भी ध्वस्त कर दी है। इसी प्रकार बड़ागांव, ठीकरिया, बीड़ की ढाणी, रानीवास रोड, कानपुरा रोड, दयपुरा- छारेड़ा रोड समेत लालसोट तक जितने भी लिंक रोड हैं, उन सड़कों के माध्यम से भारी वाहनों से मिट्टी लाई गई। इससे इन सड़कों पर डामर उधड़कर गिट्टियां निकल चुकी हैं। स्थानीय वाहन चालकों को आवागमन में खासी परेशानी हो रही है।

 


गत वर्ष हुआ था विरोध


गत वर्ष हाइवे से गेटोलाव बांध से मिट्टी खुदाई कर उस मिट्टी को हाइवे पर बिछाया था। इससे जमकर विरोध हुआ था। यहां तक खजिन विभाग ने कम्पनी से राशि भी वसूल की थी।सूत्रों के अनुसार हाइवे पर जो मिट्टी गांवों की सड़कों से लाई जा रही है, उसकी भी कोई अनुमति नहीं ले रखी है। जहां पर विरोध होता है, वहां पर विरोध करने वालों को राजी कर लिया जाता है। जहां पर विरोध नहीं होता, वहां पर धड़ल्ले से मिट्टी खुदाई का काम किया जा रहा है।

 


...तो फिर यहां कैसा कराया कार्य

 

सूत्रों के अनुसार मिट्टी खुदाई करने से जहां पर विरोध होता है वहां पर कंपनी अवैध निर्माण भी करा देती है। जैसे नांगल राजावतान थाना इलाके में कम्पनी ने दबाव में कई जगह डामरीकरण सड़क का निर्माण करा दिया। थाने के समीप ही एक जमीन पर भी कम्पनी ने सहयोग किया।

 

 

हाइवे निर्माण के दौरान जिन सड़कों से मिट्टी का परिवहन किया जा रहा है। वे क्षतिग्रस्त होगई है तो कम्पनी से उन सड़कों की शीघ्र ही मरम्मत कराई जाएगी।
डॉ. गोवर्धनलाल शर्मा, उपखण्ड अधिकारी



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.