सवाईमाधोपुर. चौथमाता ट्रस्ट धर्मशाला में शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ.एसपी सिंह की अध्यक्षता में चौथ माता मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान पदाधिकारियों एवं अधिकारियों से मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए।उन्होंने मेले से सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मेले परिसर के पास निर्धारित स्थान पर शौचालयों की व्यवस्था करने, मेला अवधि के दौरान ओवरलोडिंग वाहनों पर आवश्यक कार्रवाई करने, चिकित्सा सुविधा, मेला परिसर स्थल पर जल स्त्रोत संसाधनों की साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, पार्किंग, रोशनी एवं पेयजल की व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए।
सुरक्षा की होगी पुख्ता व्यवस्था
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लक्ष्मणदास ने बताया कि मेले में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। मेला परिसर में अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने के लिए पर्याप्त मात्रा में जाब्ता तैनात रहेगा। बैठक में मेले के दौरान बिजली की आपूर्ति नियमित रूप से एवं बाहरी इलाकों में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था रखने, पार्र्किंग स्थल तथा मेला परिसर स्थल के मार्ग में मन्दिर की तरफ जाने वाले रास्ते की सूचना के लिए संकेतक बोर्ड लगाने संबंधी कार्यों की प्रगति समीक्षा की। तालाब के पास सुरक्षा के विशेष प्रबंध करने, गोताखोर तैनात करने, एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम नियुक्त करने, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए। इसी प्रकार परिवहन सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी चर्चा कर निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर महेन्द्र लोढ़ा, एसडीएम चौथ का बरवाड़ा राहुल सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ट्रस्ट पदाधिकारी उपस्थित थे।





No comments:
Post a Comment