चौथ का बरवाड़ा. घने कोहरे तथा ठिठुराती सर्दी में नंगे पैर बिना थके जयकारे लगाते हुए माता की एक झलक पाने को लालायित श्रद्धालुओं की अनवरत कतार। कुछ ऐसा ही भक्ति और श्रद्धा से ओत प्रोत नजारा बुधवार को चौथ का बरवाड़ा में दिखा। चौथ माता के मेले में हर तरफ भक्तों का जमावड़ा दिखाई दिया। पैदल यात्रियों का जमावड़ा लगा रहा। यहां दूर दराज से पदयात्री पहुंच रहे हंै। हाड़ौती क्षेत्र के कई गांवों से पदयात्री माता के दर्शनों को पहुंच रहे हैं। पदयात्रियों में बच्चे, युवा, व बुजुर्ग हर उम्र के श्रद्धालु शामिल रहे। माता के भजनों पर नृत्य करते व जयकारे लगाते श्रद्धालु आगे बढ़ रहे हंै। चौथ माता ट्रस्ट कोषाध्यक्ष मोहन लाल सैनी ने बताया कि बुधवार को करीब दो लाख श्रद्धालु ने माता के दरबार में पहुंच कर मत्था टेका तथा मनौतियां मांगी। गुरुवार को संकट चतुर्थी होने तथा अवकाश होने के कारण श्रद्धालु की आवक और बढ़ रही है। चौरू मार्ग सहित अन्य मार्गों पर पैदल जत्थों से मार्ग अटे हुऐ है। बसें, ट्रेनों तथा अन्य निजी वाहन खचाखच भरे नजर आ रहे है।
संकट चतुर्थी आज, रहेगी भीड़
वैसे तो मंगलवार से चौथ माता के मेले का आगाज होने के साथ ही भक्त माता के दर्शन को पहुंच रहे है, लेकिन गुरुवार को संकट चतुर्थी पर बड़ी संख्या में लोग चौथ माता के दर्शन को पहुंचेंगे। संकट चतुर्थी पर माता के छप्पन व्यजंनों का भोग लगाया जाएगा। विशेष कर माता के तिल के लड्डू का भोग लगेगा।
जगह जगह लगे भण्डारे
चौथ माता मेले में आने वाले पदयात्रियों के लिए चौरू से बरवाड़ा, सवाई माधोपुर मार्ग सहित अन्य स्थानों व गांवों में भण्डारे लगाए गए हैं। ऐसे में रास्तों में आने वाले गांवो में पदयात्रियों की आवभगत की जा रही है। तेज सर्दी के बीच नंगे पांव श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। मेले में कानून व्यवस्था के अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए पुख्ते इंतजाम किए गए हंै।
खचाखच भरी है धर्मशालाएं
दो लाख के करीब श्रद्धालु माता के दर्शन कर चुके हैं। पैदल जत्थे माता के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं से सभी धर्मशालाएं खचाखच भरी है। भक्तों के लिए रैन बसेरे भी भरे हुए हैं।
बीस रोडवेज बसों की मिल रही सुविधा
मेले में परिवहन निगम द्वारा बीस रोडवेज बसों का संचालन किया गया। यह बसें चौथ का बरवाड़ा से सवाई माधोपुर, इंद्रगढ़, नैनवां, टोंक आदि मार्गों पर संचालित की गई है। इससे यात्रियों को सुविधा मिल रही है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम आज
चौथ माता मेले में ग्राम पंचायत की ओर से गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम कस्बे में स्थित मानसिंह सर्किल पर रात 8 बजे होगा। इसमें मॉर्डन आर्केस्ट्रा ग्रुप कोटा द्वारा भारतीय संस्कृति व कला को बिखेरने वाले कलाकर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।





No comments:
Post a Comment