उदयपुरवाटी/ झुंझुनूं। अरावली की हरियाली वादियों में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शाकंभरी के प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में 20 जनवरी को 9 हजार फीट लंबी विशाल चुनरी पदयात्रा निकाली जाएगी। कस्बे के मुख्य बस स्टैण्ड से सकराय धाम तक 16 किलोमीटर लंबे धार्मिक समागम में हजारों पदयात्री शामिल होंगे। पदयात्री 9 हजार फीट लंबी चुनरी को हाथों में थामे श्रद्धालु सकराय पहुंचकर मां शाकंभरी को चुनरी अर्पित की जाएगी। उदयपुरवाटी से सकराय तक निकलने वाली यात्रा को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज करवाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। यात्रा की तैयारियों को लेकर देश-विदेश में भक्त जोर-शोर से लगे हुए है।
भक्तों में चुनरी यात्रा को लेकर काफी उत्साह है, महिला भक्त तो माता की चुनरी में बूटियां लगाते समय भी माता के भजनों पर झूम रही है। माता की चुनरी पदयात्रा को सफल व भव्य रूप देने के लिए हजारों श्रद्धालु युद्धस्तर पर तैयारी कर रहे हैं। चुनरी पदयात्रा में राजस्थान के साथ ही पूरे देश और विदेशों से भी हजारों श्रद्धालु आते हैं। गुरूवार से ही भक्तों का उदयपुरवाटी पहुंचना शुरू हो गया है। शाकंभरी पहुंचने पर दोनों चुनरी माता की ब्रह्माणी व रुद्राणी प्रतिमाओं को अर्पण की जाएंगी। पदयात्रा रविवार को सुबह 11.15 बजे रवाना होगी।
अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष शंभू खैराड़ी ने बताया कि पदयात्रा के लिए आने वाले प्रवासी श्रद्धालुओं के लिए समाज की अग्रसेन धर्मशाला, शाह भवन, कुंज भवन आदि धर्मशालाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। पदयात्रा में आने वाले महिला श्रद्धालुओं का विश्व शाकंभरी कुटुंब की ओर से सम्मान किया जाएगा।
बनेगा अनुपम दृश्य
9 हजार फीट लंबी चुनरी पदयात्रा को लेकर तैयारियां परवान पर हैं। विश्व शाकंभरी कुटुंब के श्याम बिंदल, रामस्वरूप सैनी और नितेश सैनी ने बताया कि 4500-4500 फीट के 2 रोल तैयार किए गए हैं। इससे पहले देश-विदेश में बैठे श्रद्धालुओं को करीब 13 हजार चुनरी बांटी गई थीं, उन सबको जोड़कर 2 रोल तैयार किए गए हैं। पदयात्रा में नीमच व मंदसौर के ढोल-नगाड़े, तोप व ड्रोन से पुष्पवर्षा, डीजे, माता का ज्योत रथ, ऊंट-घोड़े आदि आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे। संयोजक सुभाष अग्रवाल कोलकाता ने बताया कि पदयात्रा में माता की प्रतिमा के सामने ज्योत लेकर रथ चलेगा, साथ में दो घोड़ी पर मां के दो निशान होंगे।
2 वर्ष पहले 151 फीट की चुनरी से शुरू हुई थी पदयात्रा
2 वर्ष पहले नवरात्रों के दौरान 151 फीट की चुनरी से पदयात्रा की शुरूआत की गई थी। जिसके चलते भक्तों ने गत वर्ष 2 जनवरी 2018 को 7 हजार फीट की भव्य चुनरी यात्रा निकालकर माता की दोनों प्रतिमाओं को अर्पित की थी। इस बार श्रद्धालुओं ने नया कीर्तिमान स्थापित करने के लिए चुनरी की लम्बाई में करीब 2 हजार फीट की बढ़ोतरी करते हुए 9 हजार फीट चुनरी अर्पित करने का कार्यक्रम निर्धारित किया है। 151 फीट चुनरी से शुरू हुआ कारवां 9 हजार फीट तक पहुंच गया है।
देश-विदेश से भक्तों के आने का सिलसिला शुरू
रविवार को मां शाकंभरी की चुनरी पदयात्रा के लिए प्रदेश के साथ ही गुजरात, असम, बांग्ला, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, छग, बिहार समेत नेपाल, कनाडा, सिंगापुर, दुबई, नीदरलैण्ड, अमेरिका से भक्तगण आएंगे। गुरूवार शाम से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया है। यात्रा में खाने-पीने की रहेगी पुख्ता व्यवस्था बॉक्स यात्रा में आने वाले प्रत्येक भक्त के लिए खाने-पीने की निशुल्क व्यवस्था रहेगी। वही आस-पड़ोस के गांवों से आने वाले भक्तों के लिए वाहन की व्यवस्था भी निशुल्क रहेगी। सकराय पहुंचने पर पदयात्रा संपन्न हो जाएगी, यात्रा के संपन्न होते ही रवाना होने वाले प्रवासी श्रद्धालुओं के लिए भोजन के पैकेट वितरित किए जाएंगे।
ड्रोन कैमरे से रहेगी यात्रा पर पैनी नजर
अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए यात्रा पर समापन तक वीडियोग्राफी व ड्रोन कैमरे से पैनी नजर रखी जाएगी। पदयात्रा संपन्न होने पर सकराय धाम में स्थित धर्मशाला में प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा एक से बढ़कर एक मां शाकम्भरी के भजनों की प्रस्तुती दी जाएगी। शाकम्भरी कुटुंब के सदस्य झुंझुनूं व सीकर कलक्टर से मिले बॉक्स विश्व शाकम्भरी कुटुंब के सदस्यों ने झुंंझुनूं जिला कलक्टर रवि जैन व सीकर कलक्टर नरेश ठकराल से मिलकर चुनरी पदयात्रा में आने का आमंत्रण दिया। साथ ही पदयात्रा मार्ग के अधूरे सड़क निर्माण कार्य को लेकर जानकारी दी। कलक्टर रवि जैन ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को उदयपुरवाटी-शाकंभरी मार्ग को सुगम करने के निर्देश दिए। दोनों कलक्टर ने चुनरी पद्यात्रा में प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग करने की बात कही।





No comments:
Post a Comment