बूंदी.
हिण्डोली थाना क्षेत्र के उमर गांव में अवैध खनन ने रविवार रात एक बुजुर्ग की जिंदगी लील ली। यहां ग्रामीण देर रात तक यही कहते रहे कि पुलिस, खनिज विभाग या प्रशासनिक अधिकारी समय रहते सुनवाई कर लेता तो आज किसी की जान नहीं जाती। ग्रामीण बुजुर्ग की लाश को लेकर बीच सडक़ पर रात साढ़े ग्यारह बजे तक बैठे रहे। वे तभी उठे जब उनकी मांग पर गौर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उमर गांव निवासी 65 वर्षीय रघुनाथ मीणा रात करीब नौ बजे दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था। तभी उसे तेज गति से आते डम्पर ने कुचल दिया। बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। उन्होंने मौके पर ही शव को रखकर सडक़ पर जाम लगा दिया। ग्रामीण रात साढ़े ग्यारह बजे तक पुलिस अधीक्षक और जिला कलक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर हिण्डोली थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह और तहसीलदार भावना सिंह मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ समझाइश शुरू की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का कहना था कि उनकी सुनवाई नहीं हुई तो खनन माफिया फिर किसी की जान ले लेंगे।
तहसीलदार ने उच्चाधिकारियों से चर्चा कर ग्रामीणों को बताया कि उमर में चल रहे तीनों क्रेसरों को बंद रखा जाएगा। सोमवार को खनिज विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर रहकर खदानों का चिह्निकरण कराएंगे। इसके बाद ही आगे खनन होगा। इस पर शव के साथ धरना देकर बैठे ग्रामीण रात पौने बारह बजे सडक़ से हटने को राजी हुए। इसके बाद पुलिस मृतक के शव को हिण्डोली चिकित्सालय में ले आई।
दिन-रात दौड़ते हैं पत्थरों से भरे वाहन
ग्रामीण राकेश पारासर, पूर्व सरपंच बाबूमोहन सिंह मीणा, छोटू लाल मीणा, फूल सिंह ने बताया कि आबादी के बीच से दिन-रात पत्थरों से भरे वाहन दौड़ते हैं। रात के वक्त अवैध खनन से जुड़े लोग सक्रिय हो जाते हैं जो वाहनों को रोकने पर ग्रामीणों को खुलेआम धमकाते हैं। इस पीड़ा से कई बार हिण्डोली के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करा दिया, लेकिन सुनवाई नहीं कर रहे।
इनका कहना है
गांव में ओवरलोड डम्पर नहीं निकलने देंगे। खनिज विभाग से अवैध खनन को चिह्नित कराएंगे। क्रेसर की भी जांच कराएंगे।
भावना सिंह, तहसीलदार, हिण्डोली
लंबे समय से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन पुलिस, खनिज विभाग ओर प्रशासन के अधिकारी नहीं सुन रहे। जबकि यहां खनिज माफिया सक्रिय हो रहे हैं। आए दिन गांव वालों को धमकाते हैं।
खेमराम मीणा, सरपंच, उमर





No comments:
Post a Comment