Breaking News
recent

ट्रोले ने बाइक सवार को कुचला

नोखा.राष्ट्रीय राजमार्ग-८९ पर जनता धर्मकांटे के पास मंगलवार को एक ट्रोले ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई, वहीं पीछे बैठा उसका भाई बाल-बाल बच गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि ट्रोले से कुचलने पर युवक के सिर के चिथड़े-चिथड़े हो गए। वहीं पीछे बैठा भाई टक्कर लगते ही दूर जा गिरा, जिससे वह बच गया। मौके पर जमा लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी, लेकिन पुलिस करीब २५ मिनिट बाद मौके पर पहुंची। इस दौरान हाइवे पर भारी भीड़ जुटने से वाहनों को लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने शव व क्षतिग्रस्त बाइक को हाइवे से हटाकर यातायात को सुचारू कराया। मृतक आदम अली (२५) पुत्र रमजान छींपा मैनसर का रहने वाला था।

 

यूं घटित हुआ हादसा
हादसे में बाल-बाल बचे मैनसर निवासी आमीन ने बताया कि वह और उसका भाई आदम अली दोनों बाइक पर सवार होकर मोबाइल संबंधी कार्य से नोखा आए थे। यहां पर वे बड़ौदा बैंक में खाते का स्टेटमेंट लेकर वापस नवली गेट की तरफ जा रहे थे। अचानक जनता धर्मकांटे के पास सामने से आए एक ट्रोले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह तो दूर जा गिरा और उसका भाई आदम अली ट्रोले के टायरों के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा घटित होते ही ट्रोला चालक तुरंत मौके पर ही ट्रोला छोड़कर भाग गया। घटना स्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने उसको उठाकर साइड में बैठाया। वहीं हादसे के बाद हाइवे पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्रित होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस मामले में आमीन ने ट्रोले चालक के खिलाफ रिपोर्ट भी थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने ट्रोले को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश कर रही है।

 

 

फेसबुकिए नहीं आए बाज

इस दर्दनाक हादसे के बाद कुछ फेसबुकिए हाइवे पर पड़े क्षत-विक्षप्त शव का लाइव करते नजर आए, तो कुछ वीडियो बनाकर व्हाट्स गु्रपों में भेजते दिखाई दिए। इस पर उनको टोककर रोका गया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.