Breaking News
recent

फीडर इंजार्च को किया निलम्बित, दोनों ठेकेदार भी ब्लैक लिस्टेड किए

लालसोट. उपखण्ड के कल्याणपुरा गांव में शुक्रवार शाम को एक खेत पर कृषि कनेक्शन करने के दौरान ठेकेदार के अधीन काम कर रहे दो युवकों की करंट से मौत के बाद गुस्साए ग्रामीण आधी रात को पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। रात्रि करीब 12 बजे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों द्वारा दोनों युवकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए का मुआवजा देने का भरोसा दिया। इसके बाद ही ग्रामीण पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।

 


घटना की जानकारी मिलने पर देर रात लालसोट उपखण्ड अधिकारी सुनील आर्य, पुलिस सीओ मनराज मीना एवं लालसोट तहसीलदार हनुमान प्रसाद मीना मौके पर पहुंचे। घटना का जायजा लेकर मृतकों के परिजनोंं को पोस्टमार्टम के लिए समझाइश के प्रयास किए, लेकिन ग्रामीण व परिजन 10-10 लाख रुपए के मुआवजे, आश्रितों को सरकारी नौकरी व दोषी ठेकेदार व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने की मांग करते हुए लिखित आश्वासन पर अड़े रहे।

 


इसी दौरान भाजपा नेता रामबिलास मीना, रामसिंह मीना, शंभूलाल कुई वाला, बाबू बिहारीपुरा, नंदालाल मीना समेत कई जने भी घटना स्थल पर पहुंचे और घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी सुनील आर्य ने दूरभाष पर मामले की जानकारी जयपुर डिस्कॉम के उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद उन्होंने बगड़ी विद्युत सब स्टेशन पर कार्यरत फीडर इंजार्च को तत्काल निलम्बित करने एवं डीपी रखने का कार्य करने वाले एवं विद्युत सब स्टेशन का संचालन करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने की घोषणा की।

 

 

इसके साथ ही प्रशासन ने दोनों मृतकों के परिजनों को डिस्कॉम द्वारा साढ़े छह लाख-साढ़े छह लाख रुपए, मुख्यमंत्री सहायता कोष से एवं तीन-तीन लाख रुपए की सहायता दोषी ठेकेदारों से दिलाने का भरोसा दिया। इस बारे में प्रशासन व ग्रामीणों द्वारा लिखित सहमति पत्र दिए जाने के बाद ही मामला शांत हुआ।

 

 

गौरतलब है कि उपखण्ड के कल्याणपुरा गांव में शुक्रवार शाम को एक खेत पर कृषि कनेक्शन करने के दौरान ठेकेदार के अधीन काम कर रहे नगरियावास गांव निवासी युवक मुनेश पुत्र राजाराम मीना व पिंकू पुत्र छाजूलाल मीना पोल पर चढ़कर डीपी रखकर कनेक्शन का काम रहे थे। उसी दौरान बिजली की आपूर्ति चालू होने से दोनों युवकों की मौैके पर ही मौत हो गई थी।

 


जिला कलक्टर की अनुमति से हुआ पोस्टमार्टम


परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम के लिए राजी होने के बाद आधी रात्रि को मंडावरी थाना पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी भिजवाया। मंडावरी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि जिला कलक्टर द्वारा रात्रि को पोस्टमार्टम करने की अनुमति देने के बाद पोस्टमार्टम किया गया और शवों को परिजनों के सुपुर्द किया गया।

 


गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार


घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार रात्रि से नगरियावास गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी। शनिवार सुबह जब दोनों युवकों के शव पहुंचे तो हाहाकार मच गया और परिजनों बेसुध भी हो गए। बाद में गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।

 


ठेकेदार व कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज


घटना को लेकर मृतकों के परिजनों ने मंडावरी थाना पुलिस को एक परिवाद देते हुए ठेकेदार व जीएसएस पर कार्यरत कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। मंडावरी थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजन लक्ष्मीनारायण मीना ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि मुकेश मीना व पिंकू मीना जयपुर डिस्कॉम के संवदेक शिवम इलेक्ट्रिकल्स के लिए शट डाउन ले कर कल्याणपुरा गांव में कृषि कनेक्शन लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान जीएसएस बगड़ी पर कार्यरत कर्मचारी द्वारा बिजली की आपूर्ति चालू करने से दोनों युवकों की मौकेे पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 


जांच के लिए पहुंची निगम की टीम


घटना को लेकर जयपुर डिस्कॉम द्वारा गठित टीम भी जांच के लिए शनिवार को पहुंची। टीम में शामिल एक्सईएन वी.के. अग्रवाल, विद्युत थाना प्रभारी सुगर सिंह घटना स्थल, बगड़ी जीएसएस व लालसोट कार्यलय पहुंचे और मौका मुआयना कर संबधित कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए। (नि.प्र)



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.