Breaking News
recent

अच्‍छी खबर : पर्ची के साथ ही बताना होगा डॉक्‍टर का नाम और कमरा नंबर भी

जयपुर/जैसलमेर
जैसलमेर के जिला कलक्टर नमित मेहता ने जवाहर चिकित्सालय में व्‍यवस्‍थाओं का जायजा लिया। कलक्टर ने प्रतिदिन उपलब्ध चिकित्सकों की जानकारी के लिए अलग-अलग फ्लैक्स लगवाने को कहा, साथ ही पर्ची रजिस्ट्रेशन कक्ष पर पर्ची जारी करने के साथ ही किस चिकित्सक को दिखाना है व उसके कक्ष संख्या का भी विवरण देने को कहा।

सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया
मेहता सुबह ही जिला अस्पताल पहुंच गए, उन्‍होंने सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। कलक्टर ने चिकित्सालय के बाहरी परिसर के क्षेत्र और भीतरी वार्डों का दौरा कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने अस्पताल की सफाई व्यवस्था समुचित ढंग से नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को कहा कि वे अस्पताल की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए कदम उठाएं।
गैरहाजिर डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
कलक्टर ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों की उपस्थिति पंजिका की जांच की तथा इस दौरान अनुपस्थित डॉ. जेआर.पंवार की अनुपस्थिति दर्ज की तथा उनका वेतन बिना उनकी जानकारी के नहीं जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित करने के लिए पीएमओ को निर्देश दिए। मेहता ने चिकित्सालय में आउटडोर के साथ मेडिकल, सर्जिकल, नेत्र, इएनटी, मानसिक स्वास्थ्य आदि आउटडोर कक्षों का निरीक्षण किया तथा मौजूद चिकित्सकों से मरीजों के बारे में पूछताछ की एवं भ्रमण कर मरीजों की कुशलक्षेम पूछी।

सभी निशुल्क दवाएं उपलब्ध हों
उन्होंने मुख्यमंत्री निशुल्क दवा वितरण केन्द्रों का निरीक्षण किया और दवाइयों के वितरण की व्यवस्था को परखा। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से निशुल्क सभी 275 दवाइयां स्टोर में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टॉक में उपलब्ध दवाइयों की जानकारी ली और प्रतिदिन वितरित दवाइयों का इन्द्राज कम्प्यूटर में करने के निर्देश दिए। चिकित्सकों को पाबंद किया कि वे बाहर की दवाइयां नहीं लिखें। आउटडोर में मरीजों को कतारबद्ध कर स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सकों को पाबंद किया। उन्होंने निशुल्क जांच व्यवस्था की भी जानकारी ली तथा मरीजों को इसका पूरा लाभ पहुंचाने को कहा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.