चूरू. विधानसभा चुनाव में सत्ता का स्वाद चख चुकी कांग्रेस अब लोकसभा चुनाव में भी भाजपा से दो-दो हाथ करने को आतुर है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को चार सीट और भाजपा को दो सीट मिली है। वहीं लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा नोहर व भादरा में भी भाजपा अपनी सीट खो चुकी है। इसमें एक सीट पर माकपा व एक पर कांग्रेस है। लोकसभा की आठ विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस कुल पांच सीटों पर काबिज है। इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने ग्रासरूट लेवल पर अभी से मंथन शुरू कर दिया है। इसी को लेकर कांग्रेस की मंगलवार को राम मंदिर में तीसरी बैठक हुई। इससे पहले प्रभारी मंत्री दो बार बैठक ले चुके हैं। हालांकि टिकट को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में आम सहमति नहीं बन पा रही है लेकिन सभी नेता अपनी ताकत झोंके हुए हैं। कांग्रेस की सरकार बनने से जहां कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वहीं लोकसभा चुनाव में भी सीट जीतने के लिए कांग्रेस ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। सरकार बनने के बाद हो रही बैठकों में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों मेें जोश दिख रहा है। राममंदिर में मंगलवार को प्रदेश सह प्रभारी काजी निजामुद्दी के आने से पहले टिकट मांगने वाले सर्थकों के साथ पहुंच चुके थे। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में टिकट देने की मांग की। करीब एक दर्जन नेताओं ने टिकट के लिए दावेदारी की। इधर भाजपा कांग्रेस सरकार के विरोध में सड़कों पर उतरी हुई है।
इन्होंने किया टिकट के लिए आवेदन
चूरू से कांग्रेस नेता रफीक मंडेलिया, हमीदा बेगम, रेहाना रियाज, तनवीर खान, जयङ्क्षसह राठौड़, भंवर अजीतसिंह शेखावत, तारानगर से आशा राठौड़, सरदारशहर से अनिल शर्मा, पूर्व जिला प्रमुख हनुमानगढ़ राजेन्द्र मकासरा, भादरा से सुरेश चौधरी, डा. सुरेश चौधरी, पूर्व संसदीय मंत्री जयदीप डूडी, हनुमानगढ़ जिला प्रमुख शोभा डूडी, पूर्व विधायक सुचित्रा आर्य, नोहर से राज्य सभा के पूर्व सांसद अश्कअली टाक के बड़े भाई मदरूदीन टाक, नोहर से पूर्व प्रधान रामकुमार स्वामी, रतनगढ़ से यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमेन्द्र सिहाग व विमल कुमार शर्मा चूरू आदि ने दावेदारी की। करीब एक बजे पहुंचते ही काजी निजामुद्दीन ने माइक लेकर संबोधन शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठ बोलकर सत्ता हथिया ली लेकिन जनता पांच साल में सब समझ चुकी है। अब आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनेगी। सब को इसका आभास हो गया। जनता ने भी झूठ बोलने वालों को सबक सिखाने का मानस बना लिया। इसलिए कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और कांग्रेस सरकार की योजनाओं को बताएं और अपने पक्ष में वोट करने के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर विधायक नरेन्द्र बुडानिय, विधायक कृष्णा पूनिया मौजूद थीं। इस दौरान नोहर विधायक अमित चाचाण, सरदारशहर से विधायक भंवरलाल शर्मा व सुजानगढ़ विधायक भंवरलाल मेघवाल मौजूद नहीं थे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भंवरलाल पुजारी ने की। इस दौरान रमेश इंदौरिया, रफीक मंडेलिया, गोविन्द महनसरिया, मो. हुसैन निर्बाण, रघुनाथ खेमका, रामनिवास सहारण, कल्याणसिंह शेखावत, एडवोकेट रामेश्वर प्रजापति, हरिप्रकाश इंदौरिया सहित अनेक कांगे्रसजन मौजूद थे।
मंडेलिया समर्थकों ने लगाए नारे
सह प्रभारी काजी ने एक कमरे में कार्यकर्ताओं की बात सुनी। लेकिन जैसे ही चूरू विधानसभा की बारी आई तो मंडेलिया समर्थक रफीक मंडेलिया जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। इससे हाल में काफी शोरगुल मच गया। अंत में प्रभारी काजी सुनावाई पूरी करते हुए बाहर निकलने लगे। इसके बाद मंडेलिया समर्थक बाहर निकले। बाद में शेष विधानसभा के कार्यकर्ताओं से चर्चा की। सह प्रभारी काजी के साथ जिला सह प्रभारी जियाउर रहमान आरिफ मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment