बांदीकुई. शहर में झूलते बिजली के तार हादसे को न्योता दे रहे हैं। कहीं मकानों के ऊपर होकर तार गुजर रहे हैं तो कहीं रास्तों के बीच ट्रांसफॉर्मर लगे हुए हैं। ऐसे में लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है।
जानकारी के अनुसार अस्पताल रोड से होलेश्वर मंदिर जाने वाले मार्ग पर ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है। इस ट्रांसफॉर्मर में कई बार आग तक लग चुकी हैं। इस ट्रांसफॉर्मर से छतों के ऊपर से तार गुजर रहे हैं। इसके अलावा बालाजी चौक के समीप, गल्र्स स्कूल रोड, मदान वाली गली के समीप, पुलिस वृत्ताधिकारी कार्यालय के समीप सहित कई जगहों पर सड़क किनारे ट्रांसफॉर्मर लगे हुए हैं।
इन ट्रांसफॉर्मरों पर सुरक्षा के कोई बंदोबस्त नहीं हैं। ऐसे में कई आवारा जानवरों के करंट लग चुका है। पुलिस थाने के पीछे, सिकंदरा रोड एवं कई जगहों पर तार मकानों के ऊपर होकर गुजर रहे हैं। इससे मकान मालिक भवनों का निर्माण तक नहीं कर पा रहे हैं। बारिश के दिनों में करंट प्रवाहित होने का अंदेशा बना रहता है। लोग कई बार निगम कार्यालय में भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन किसी का भी इस ओर कोई ध्यान नहीं है। हालांकि निगम प्रशासन का कहना है कि ये बिजली की लाइन काफी लम्बे समय से स्थापित हैं। बाद में आबादी का विस्तार हुआ है।(ए.सं.)
विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी
मण्डावर. कस्बे की विभिन्न कॉलोनी व मोहल्लो सहित आसपास के दर्जनों गांव व ढ़ाणियों में विद्युत निगम की लापरवाही के चलते ढीले पड़े हुए हैं। कई जगह तो जमीन से महज ही कुछ ऊंचाई पर लगे हुए हैं। इससे पूर्व में भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं और अभी भी हादसों का अंदेशा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस सम्बन्ध में अनेक बार विभागीय कर्मचारियों को अवगत करवा दिया गया है, लेकिन हादसों से कोई सबक न लेने के बाद भी निगम के कानों में आज तक जूं तक नहीं रेंगी है। ग्रामीणों का मानना है कि निगम कर्मचारियों ने अगर शीघ्र ही ढीले तारों को तंग नहीं करवाया तो विरोध प्रदर्शन करेंगे। वहीं इस सम्बन्ध में कनिष्ठ अभियंता जगदीश प्रसाद मीना का कहना है कि जल्द ही जगह-जगह ढीले पड़े विद्युत तारों को तंग करवाया जाएगा।
वार्ड पंचों ने लगाया संतोषजनक जवाब नहीं देने का आरोप
दौसा ग्रामीण. ग्राम पंचायत गणेशपुरा में वार्ड पंचों को मासिक बैठक होने की सूचना देने के बावजूद बैठक स्थगित कर दी गई। ऐसे में कई वार्ड पंचों के पंचायत भवन पहुंचने पर ताला लगा हुआ मिला। उपसरपंच रसालदेवी, वार्ड पंच बिहारीलाल बैरवा, विजेन्द्र कुमार शर्मा एवं सुमेरसिंह गुर्जर आदि ने बताया कि मासिक बैठक के लिए रविवार को पंचायत कार्यालय पहुंचे तो ताला लगा हुआ मिला। वहां सरपंच एवं ग्राम विकास अधिकारी भी नहीं मिले। इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी से दूरभाष पर बात की तो संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया एवं बाद में फोन बंद कर लिया। उन्होंने बताया कि पंचायत की ओर से बैठकों की सूचना नहीं दी जाती है एवं जब सूचना दी जाती है तो मनमर्जी से स्थगित कर दी जाती है। वहीं ग्राम विकास अधिकारी ताराचन्द शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत गणेशपुरा में बैठक सरपंच की ओर से स्थगित कर दी गई थी। ऐसे में बैठक का आयोजन नहीं किया गया। अब बैठक सोमवार को होगी।





No comments:
Post a Comment