रायपुर मारवाड़. बजरी खनन पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान जारी रखा है। रायपुर मारवाड़ थाना पुलिस ने रविवार रात अलग-अलग गांवों में छापा कार्रवाई करते हुए बजरी से लदा एक डम्पर व दो ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की। पुलिस ने वाहन मालिकों से जुर्माना वसूलने के लिए खनिज विभाग को सूचना दी। थानाप्रभारी सवाई सिंह राठौड़ के अनुसार पुलिस की दो टीमें गठित की गई है। एक टीम फोरलेन पर रात्रि गश्त कर रही है जबकि दूसरी टीम गांवों की नदियों में छापा कार्रवाई कर रही है। देर रात्रि में आसरलाई से डम्पर में बजरी भरकर ने ब्यावर ले जाई जा रही थी। पुलिस टीम ने बर के पास डम्पर जब्त किया। इधर, रायपुर नदी में बजरी भरकर जा रहे दो ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त किया।
सेंदड़ा में तीन ट्रैक्टर जब्त
सेंदड़ा थानाप्रभारी सुरेश चौधरी के अनुसार पुलिस टीम ने नानणा से ब्यावर जाने वाले मार्ग पर देर रात्रि में नाकाबंदी की। इस बीच बजरी से लदे तीन ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक पुलिस जीप को देख दूसरे रास्ते की तरफ जाने लगे। पुलिस ने पीछा कर बजरी से भरी तीन ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की। तीनों चालकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। सेंदड़ा पुलिस ने एक सप्ताह में बजरी से लदे 13 ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त किए है। साथ ही ट्रैक्टर चालक सहित दस खननकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। इनसे खनिज विभाग ने करीब पांच लाख रुपए का जुर्माना वसूला किया है।
छलनी कर दी आसरलाई व मोहराई नदी
खननकर्ताओं ने जैतारण के आसरलाई व मोहराई नदी में बड़े स्तर पर खनन किया है। बावजूद इसके खनिज विभाग ने अब तक जैतारण थाने में एक भी प्रकरण दर्ज नही कराया है। इधर बड़े स्तर पर हो रहे बजरी खनन को लेकर जैतारण थाना पुलिस व निमाज चौकी पुलिस के मूकदर्शक बने रहने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
बांता में पकड़ा टै्रक्टर
आउवा. राजस्थान पत्रिका की बजरी पर खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आया। बांता, देवली, आउवा, कादू, आसन की नदियों में अवैध बजरी खनन पर कार्रवाई करते हुए बांता गांव में पुलिस ने बजरी से भरा ट्रैक्टर पकड़ा। बांता चौकी प्रभारी जीवाराम राणा ने बताया कि भरत सिंह पुत्र इन्दर सिंह निवासी इन्दरवाड़ा पांचेटिया गांव में बजरी परिवहन कर रहा था। पुलिस ने बजरी से भरा हुआ टैक्टर जब्त किया।
हत्या के आरोपी से पिस्टल, कारतूस व चाकू बरामद
पाली/जैतारण. जैतारण थाना क्षेत्र के निंबोल गांव में वृद्ध दंपती की चाकू से वारकर हत्या के मामले रिमाण्ड पर चल रहे आरोपियों के कब्जे से एक चाकू, पिस्टल व तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है। जैतारण थाना पुलिस ने बताया कि निम्बोल के दर्जियों का मोहल्ला निवासी छोटूराम पुत्र पांचूराम दर्जी व उनकी पत्नी तारा देवी की हत्या के मामले में निम्बोल निवासी रामस्वरूप पुत्र नाथूराम घांची व पवन पुत्र रामेश्वरलाल व्यास तथा जोधपुर के बिलाड़ा क्षेत्र के झाक निवासी सुनील पुत्र तेजाराम जाट रिमाण्ड पर है। सुनील के कब्जे से पिस्टल व कारतूस बरामद किए गए, जबकि रामस्वरूप के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे पूछताछ जारी है। उल्लेखनीय है कि आरोपियों ने लूट की नियत से छोटूराम व उसकी पत्नी तारा देवी की चाकू से वारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले का २१ घंटे में खुलासा किया था।





No comments:
Post a Comment