जयपुर. शहर में इन दिनों चोरों का आतंक है, लेकिन इनमें से कुछ घटनाएं बेहद हास्यास्पद भी हैं। जैसे कि विद्याधर नगर थाने के ही एक मामले को देख लीजिए, जहां एक व्यक्ति ने पेड़-पौधे चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। दरअसल विद्याधरनगर में ढेहर के बालाजी स्थित एक कैफे के बाहर से कृत्रिम पेड़-पौधे चोरी हो गए। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार भी किया है।
विद्याधरनगर थाना पुलिस ने बताया कि 23 जनवरी को ढेहर के बालाजी निवासी जितेन्द्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसका कहना था कि कैफे के बाहर लगे कृत्रिम पेड़-पौधे 21 जनवरी की रात को चोरी हो गए। ये प्लास्टिक के थे, जो कभी खराब नहीं होते। उसने इटली में अपने परिचित से ये पेड़-पौधे मंगवाए थे, जिनकी कीमत लगभग 30 हजार रुपए थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले तो एक कार में 3 युवक पेड़-पौधे ले जाते दिखे। पुलिस ने कार के नम्बर के आधार पर आरोपी मालवीयनगर निवासी कौशल यादव (24), रेलवे स्टेशन निवासी पंकज सिंह चौहान (24) और शाहपुरा निवासी राजवीर सिंह (20) को गिरफ्तार कर लिया।





No comments:
Post a Comment