Breaking News
recent

योजनाओं से आमजन को किया जाएगा लाभान्वित

मंडावर. महुवा विधायक ओमप्रकाश हुड़ला ने कहा कि वे समाज को बांटने की राजनीति नहीं करते हैं, बल्कि विकास पर विश्वास रखते हैं।
हुड़ला ने सोमवार को लाड़पुर, चौड़, केसरा और आसपास के गांवों में दौरा करते समय यह बात कही। इस दौरान जगह जगह लोगों ने उनका स्वागात किया गया।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी मनरेगा एक ऐसी योजना है जो ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को रोजगार और जीवन का आधार देती है। उनकी कोशिश रहेगी कि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण इस योजना के तहत लाभान्वित हो और उन्हें अधिकतम मजदूरी का भुगतान हो। पंचायतीराज और ग्रामीण विकास की अन्य योजनाओं से भी आमजन को लाभान्वित किया जाएगा। गांवों में विशेष अभियान के जरिए लोगों को राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारा विकास आपसी भाई चारे को बढ़ाने वाला हैं साथ ही सभी मिलकर कदम बढ़ाएंगे, तब ही देश और प्रदेश विकास के ऊंचे प्रतिमान कायम कर सकेगा। उन्होंने कहा की वे भाई से भाई को लड़ाने और समाज को बांटने की राजनीति नहीं करते हैं बल्कि विकास में विश्वास रखते हैं।

खेल मंत्री चांदना से मिले कांग्रेस कार्यकर्ता
महुवा ग्रामीण. कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को अजय बौहरा के नेतृत्व में खेल व युवा राज्य मंत्री अशोक चांदना से मिले एवं उनका स्वागत किया। वे जयपुर से भरतपुर जाते समय भरतपुर रोड पर कार्यकर्ताओं से मिले। चांदना को हाल ही में भरतपुर का जिला प्रभारी बनाया गया है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनसे महुवा में खेल मैदान बनवाने, सैनिकों के लिए कैंटीन खोलने सहित अन्य मांगें रखी। मंत्री चंादना ने कहा कि समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। इस दौरान जिला परिषद सदस्य रोशन हवलदार, बबलू सैनी, विक्रम मंडावर, नवीन तिवारी, राजवीर गुर्जर महेश आचार्य व विक्रम पावटा आदि थे।

तहसीलदार को दिया ज्ञापन
लालसोट. उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में गत दिनों चुनावी रंजिश के चलते युवक पवन जायसवाल की हत्या पर रोष प्रकट करते हुए सोमवार को अखिल भारतीय जायसवाल युवा महासभा के पदाधिकारी ने लालसोट तहसीलदार हनुमान प्रसाद मीना को ज्ञापन दिया । पदाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के नाम पर आरोपियों को बचाने का षड्यंत्र किया जा रहा है जिससे पूरे जयसवाल समाज में रोष व्याप्त है ।
ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। इस मौके पर युवा महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामबाबू जायसवाल, जयसवाल समाज के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश जायसवाल, कैलाश जायसवाल, संतोष जायसवाल, महेंद्र जयसवाल, मुकेश आदि मौजूद थे।(नि.प्र)

जम्मू लायंस व हाड़ौती की टीमों ने की जीत दर्ज
लालसोट. शहर के लाल क्लब स्टेडियम में खेली जा रही आल इंडिया ट्ंवेटी-20 क्रिकेट प्र्रतियोगिता में सोमवार को खेले गए मैचों में जम्मू लायंस व हाड़ौती टाइगर्स की टीमें विजयी रही। पहले मैच में जम्मू लायंस ने कोलकाता को 61 रन से हरा दिया।
टॉस जीतने के बाद पहले खेलते हुए जम्मू लायंस ने आठ विकेट खोकर 223 रन बनाए। जवाब में कोलकाता की टीम 157 पर सिमट गई। दूसरे मैच में हाड़ौती टाइगर्स ने दिल्ली को 25 रन से हरा दिया। टॉस जीतने के बाद हाड़ौती ने पहले खेलते हुए 5 विकेट गवां कर 165 रन बनाए, जवाब में दिल्ली की टीम 140 ही बना सकी। प्रवक्ता रोहित पंसारी ने बताया कि मंगलवार को अमृतसर लायंस बनाम हाड़ोती टाइगर्स व जम्मू लायंस बनाम पटना के बीच मुकाबले होंगे। पार्षद सिराज मोहम्मद ने मैच के बाद पुरस्कार का वितरण किया। (नि.प्र)

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.