Breaking News
recent

ओले, बारिश व हवाओं ने ठिठुराया

दौसा ग्रामीण. जिला मुख्यालय सहित आस-पास के क्षेत्र में गुरुवार शाम बरसात के बाद मौसम का मिजाज बदल गया। सर्द हवाओं ने आमजन को ठिठुरा दिया। अचानक आई बरसात के कारण लोग इधर-उधर बचते दिखाई दिए। वहीं लालसोट व नांगल राजावतान क्षेत्र में ओले गिरे। बदले मौसम से अधिकतर जगह फसल को लाभ मिलने की उम्मीद से किसानों के चेहरे खिले हुए दिखाई दिए। वहीं जहां ओले गिरे, वहां नुकसान की आशंका है।

 

 


बरसात के बाद सर्द हवाओं से लोगों की धूजणी छूट उठी। इससे बचाव के लिए लोग अलाव तापकर जतन करते हुए दिखाई दिए। वहीं सर्दी की ठिठुरन बढऩे से लोग घरों में दुबक गए तो वाहन चालकों को लाइट जलाकर गुजरना पड़ा। इस दौरान आकाशीय बिजली की गडगड़़ाहट भी हुई। इसका असर आम जनजीवन पर देखने को मिला। काम के बाद शाम के समय घरों को जाने वाले लोग साधनों का इंतजार करते रहे। शादी-समारोह में व्यवधान हो गया। कई जगह बिजली गुल हो गई।

 

 


इससे पहले सुबह के समय कोहरा छाया रहने से स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जानकारों का कहना है कि बरसात के कारण फिलहाल ठिठुरन बनी रहेगी। गौरतलब है कि गत कई दिनों से मौसम के करवट बदलने के कारण गर्म कपड़ों की दुकानों पर लोगों की भीड़ दिखाई देने लगी है।

 


15 मिनट तक गिरे ओले, कई गांवों में बिछी चादर


लालसोट. क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज अंधड़ व बारिश के साथ गिरे ओलों ने किसानों की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। शाम करीब साढे पांच बजे अचानक तेज अंधड़ के साथ क्षेत्र में बारिश का क्रम शुरू हो गया। इस दौरान रामगढ़ पचवारा तहसील क्षेत्र के एक दर्जन से भी अधिक गांवों में चने के आकार के ओले गिरे।

 


सबसे अधिक ओले पालुंदा व डोब ग्राम पंचायत क्षेत्र में गिरे, जहां खेतों व मकानों पर जगह जगह ओलों की चादर जमा हो गई। कई जगह तो ओलों की मोटी परत तक जमा हो गई। सरपंच अनिता मीना, पूर्व सरपंच दौलतराम मीना, डोबर निवासी टुंडाराम मीना, मायाराम मीना, सांवलराम मीना, राजेन्द्र मीना, रामसिंह मीना समेत कई जनों ने बताया कि ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। खेतों में ओलों की चादर बिछ गई। गेहूं व सरसों की फसल खेतों में आड़ी पड़ गई।

 


इसके अलावा रामपुुरा, खेमपुरी, हामावास, भावंता, धोली, अलीपुरा, लाहड़ीकाबास, राहुवास, ढोलावास, डोब, कल्लावास, कालूवास एवं शाहजानपुरा समेत कई गांवों में भी ओले गिरने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि व बारिश के गौवंश को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी है, ओलावृष्टि के दौरान आवारा गोवंश अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागते नजर आए। दूसरी ओर रामगढ़ पचवारा तहसीलदार रेवड़मल ने बताया कि उन्होंने कल्लावास गांव पहुंचकर ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया है। शेष जगहों से जानकारी नहीं मिली है।(नि.प्र)

 


खेतों में खड़ी फसल को हुआ नुकसान


नांगल राजावतान. उपखण्ड मुख्यालय स्थित गांव चूडिय़ावास, मोहनपुरा, अभयपुरा, बैजवाड़ी, छारेड़ा सहित आस पास के गांवों मे गुरुवार शाम बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरे। इससे सरसो की फसल मे नुकसान हुआ है। करीब बीस मिनट तक हुई जमकर बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला। मानपुर. मरियाड़ा, बावनपाड़ा, गांवड़ी गांव में गुरुवार देर शाम चने के आकार के ओले गिरे। ठिठुरन बढऩे से लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.