सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर नगरपरिषद की अनदेखी व ठेकेदारों की लेटलतीफी से राउमावि साहूनगर की चारदीवारी में निर्माणाधीन वातानुकूलित सुलभ शौचालय का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जबकि आचार संहिता हटे एक महीना बीत गया है। धीमी गति से चल रहे कार्य के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यहां 50 लाख रुपए की लागत से नगरपरिषद की ओर से महिला व पुरुष वातानुकूलित शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए 23 मार्च 2018 को टेण्डर जारी हुए थे। नौ महीने पहले शौचालय के टेण्डर जारी हो गए थे। पहले जगह नहीं मिलने व बाद में आचार संहिता लगने से निर्माण में देरी हो रही है।
ये रहा कारण
मुख्यमंत्री की घोषणा में शहर के हाइवे वाले स्थानों के आस-पास ही वातानुकूलित सुलभ शौचालय का निर्माण कराया जाना था। इसके बाद नगरपरिषद ने सुलभ शौचालय निर्माण की कवायद शुरू की, लेकिन नगरपरिषद को हाइवे के किनारे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जगह नहीं मिल रही थी। परिषद ने पहले खैरदा स्थित श्मशान घाट पर जगह चिह्नित की थी, लेकिन यहां श्मशान घाट विकास समिति ने जगह कम होने से विरोध किया। इसके बाद आदर्श विद्या मंदिर स्कूल के सामने जगह चिह्नित की, लेकिन यहां भी कुछ कारणों से मामला फेल हो गया। इसके बाद कोटा-लालसोट हाइवे स्थित राउमावि साहूनगर में जगह चिह्नित की गई।
स्थान परिवर्तन की जारी नहीं हुई डीएलबी
राउमावि साहूनगर में शौचालय को स्थानान्तरित कर दिया था, लेकिन विधानसभा चुनाव आचार संहिता के चलते कार्य बंद कर दिया गया। आचार संहिता हटने के बाद नींव खुदाई व ढांचा तैयार कर लिया गया, लेकिन अब डीलएलबी जारी नहीं होने से कार्य अटका है।
बनेगा गार्ड रूम
इन शौचालय में वातानुकूलित व्यवस्था, महिला-पुरुष अलग-अलग शौचालय की सुविधा होगी। शौचालय में गार्ड रूम बनेगा। वहीं एक महिलाओं के लिए फीडिंग रूम(बच्चों को दूध पिलाने) के लिए कक्ष तैयार होगा।
शीघ्र पूरा कराएंगे
पूर्व में जगह नहीं मिल रही थी। बाद में आचार संहिता लग गई थी। ठेकेदार को शीघ्र शौचालय का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए है।
डॉ.विमला शर्मा, सभापति, नगरपरिषद सवाईमाधोपुर
इनका कहना है
राउमावि में सुलभ शौचालय निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। स्थान परिवर्तन के लिए डीएलबी जारी नहीं होने से रूडिप सचिव को पत्र लिखा है।
मनोज मीणा, जेईएन, नगरपरिषद सवाईमाधोपुर





No comments:
Post a Comment