सादुलपुर. सादुलपुर से पिलानी वाया हरियाणा सीमा तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-७०९ का एसडीएम सुभाष भडिय़ा ने निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग में आ रही बाधा, अतिक्रमण एवं गांव रड़वा तथा चूरू-झुंझुनूं सीमा के पास से निकलने वाले बाइपास सड़क निर्माण का निरीक्षण कर कंपनी के अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। लेकिन खाता विभाजन एवं मुआवजा वितरण को लेकर आ रही बाधाओं के कारण निर्माण कार्य गति नहीं पकड़ रहा है। एसडीएम सुभाष भडिय़ा ने गांव चांदगोठी एवं थिरपाली में अतिक्रमण संबंधी शिकायतों की भी जांच की। उन्होंने हाइवे निर्माण करने वाली कंपनी के सुपरवाइजर डा.सतपाल सिंह, अशोक सिंह एवं प्रोजेक्ट मैनेजर से सड़क निर्माण को लेकर पूछताछ की। सड़क निर्माण में भूमि अधिग्रहण के बाद खाता विभाजन होने के बावजूद तय मुआवजे को लेकर आपसी विवाद के चलते कार्य गति नहीं पकड़ रहा है। चांदगोठी एवं थिरपाली में अतिक्रमण नहीं हटने के से भी कार्य बाधित है।
बाईपास निर्माण में भी अड़चन
हाइवे संख्या ७०९ निर्माण के दौरान गांव रड़वा के पास तथा चूरू-झुंझुनंू सीमा से निकलने वाले बाइपास निर्माण के लिए विभाग की ओर से कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है तथा ३-डी का भी काम पूरा हो गया है। अवार्ड पारित करवाने के लिए सांसद राहुल कस्वा से मिला जाएगा।
११ किमी का बनेगा बाईपास
गांव रड़वा से साढ़े पांच किमी तथा झुंझुनूं-चूरू सीमा से छह किमी लगभग लंबा बाईपास निर्माण होगा। लेकिन सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग उपखण्ड चूरू को शिकायतों के बावजूद अवार्ड पारित की कार्रवाई नहीं हो रही है। थिरपाली गांव के पास हाइवे ७०९ पर टोल नाके का निर्माण किया जाएगा। सुपरवाइजर डा.सतपाल ने बताया कि टोल नाके का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
हाइवे का रूप
सादुलपुर से वाया-पिलानी एवं हरियाणा सीमा कुल ५२ किमी लंबा एनएच-७०९ निर्माण होगा। चौड़ाई दस मीटर होगी एवं दो-दो मीटर का सड़क किनारे शॉल्डर का भी निर्माण होगा। सड़क पर आने वाले गांवों में सड़क विलेज प्रोजेक्ट के अन्तर्गत फोरलेन का निर्माण होगा। जिसमें डिवाईडर भी होंगे तथा निर्माण जुलाई में पूर्ण हो जाएगा।





No comments:
Post a Comment