Breaking News
recent

नाथद्वारा में सड़क हादसे के बाद बंद हो गई अनाधिकृत पार्किंग वसूली

नाथद्वारा. शहर के १२० फीट फोरलेन पर हुए हादसे के बाद पार्किंग को लेकर मौबेगढ़ आदि क्षेत्र से आने वाले वाहनों से अवैध रूप से वसूला जा रहा पार्किंग शुल्क सोमवार को बंद हो गया। वहीं, पार्किंग के आगे सर्कल के पास से वाहनों की आगे आवाजाही भी रोक दी गई। इधर, घटना को लेकर लोगों ने प्रशासन के प्रति रोष भी जताया। शहर के १२० फीट रोड पर हादसे के बाद सोमवार को भी प्रशासन की लापरवाही का नतीजा यह रहा कि कई चार पहिया वाहन यहां पर खड़े थे। वहीं, जहां पर ट्रक ने युवती को चपेट में लिया उसके ठीक पास ही दो महिलाएं घास बेचने के लिए सड़क पर बैठी हुई थी। उनको हटाने के लिये किसी ने प्रयास नहीं किए। कुछ वाहन मालिकों ने तो यह बताया कि हमारे से पार्किंग शुल्क वसूल लिया जाने के बाद गाड़ी को खड़ी करने के लिए कहा गया। इस बदहाल स्थिति को देखकर वहां से गुजर रहे कई लोगों ने इस बात से खासा रोष जताया कि प्रशासन के द्वारा शहर की व्यवस्था को लेकर विभिन्न प्रकार के दावे किए जाते हैं, परंतु यहां की स्थिति को देखने के बाद तो यही लगता है कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति कोई जवाबदेह नहीं है।

इंदौर से यहां दर्शन करने आए एक परिवार की महिला, जिनकी कार भी इस हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई, उन्होंनें तो यहां तक कहा कि दर्शन करने जिस भावना से लोग यहां आ रहे हैं, उसके अनुरूप यहां की व्यवस्थाओं में ऐसा कुछ भी नहीं दिखा। यहां वाहन खड़े करने से लेकर मंदिर तक आने जाने की जो भी दुविधा होती है उसका कोई धणी धोरी नहीं हो ऐसी स्थिति पर समाधान करना चाहिए। उधर इस रोड पर सर्कल के पास स्थित पार्किंग संचालक के द्वारा शहर की ओर यानि सुंदर विलास तक आने वाले वाहनों को रोकने के लिये रस्से आदि को बेरीकेड से बांधकर रोकने का जतन किया गया। वहीं, इसके चलते इस रोड से आए वाहनों को पार्किंग में खड़ा कराया गया। इसके बावजूद भी कई वाहन इस मार्ग पर बाहर निकलने वाली साइड के वहां पर रोज की तरह खड़े थे, जो कुछ वाहन इससे आगे भी पहुंच गए।

यातायात कर्मी की तैनातगी
इतने लंबे समय से होमगार्ड के जवान के साथ ही यातायात पुलिस के द्वारा कार्य देखा जा रहा था ,परंतु सोमवार को यहां पर राजस्थान पुलिस के यातायात कर्मी को भी लगाया गया, जो दोपहर के समय वहां पर मौजूद था।

ठेकेदार को दी है हिदायत
मैंने ठेकेदार के आदमी को बुलाकर हिदायत दी है कि सड़क पर वाहन खड़े नहीं किए जाएं। वहीं, उपखंड अधिकारी से भी बात की है। ऐसे में सख्त कदम उठाये जाऐंगे।
ओमकुमार, पुलिस उपाधीक्षक, नाथद्वारा

पुलिस को बताया
पूर्व में तथा दो दिन पहले भी पार्किंग क्षेत्र से अन्य स्थान की वसूली की जानकारी मिली थी। ऐसे में कार्यवाही के लिये कदम भी उठाया एवं प्रशासन को भी अवगत कराया गया है। वहीं, पुलिस प्रशासन को भी बताया गया है।
निशा अग्रवाल,उपखंड अधिकारी, नाथद्वारा

स्टाफ की कमी है
हां हमारे पास जो जाब्ता है उसको सभी जगह लगा रखा है। इसके लिये स्टाफ की भी कमी है एवं पालिका प्रशासन को भी कदम उठाना चाहिए हमारे द्वारा प्रयास किया जाएगा।
अंबालाल, यातायात प्रभारी, नाथद्वारा



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.