सुजानगढ़. मरुदेश संस्थान के तत्वावधान में गुरुवार को दी यंग्स क्लब ट्रस्ट सभागार में तृतीय संतोष व्यास स्मृति सृजन सम्मान समारोह हुआ। इस मौके पर सुजानगढ़ की प्रथम महिला चिकित्सक डा. राजप्रभा पानगडिय़ा का सम्मान किया गया। संस्थान के अध्यक्ष डा. घनश्यामनाथ कच्छावा ने बताया कि व्यास की तीसरी पुण्य तिथि पर हुए समारोह में डा. पानगडिय़ा को 11 हजार रुपए, अभिनंदन पत्र, प्रतीक चिन्ह, शॉल व साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। डा. पानगडिय़ा ने कहा कि ७० के दशक में किसी महिला का मेडिकल शिक्षा में जाना कौतूहल का विषय था। लेकिन अपनी दादी और मां की प्रेरणा से वे चिकित्सक बनी। समाज का अपना एक दृष्टिकोण होता है। उस दृष्टिकोण को सकारात्मक और नकारात्मक की ओर मोडऩे में हमारा ही हाथ होता है। मुख्य वक्ता अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव डा. चयनिका उनियाल पंडा ने कहा कि वर्तमान में महिलाओ का काम केवल घर-गृहस्थी संभालने तक ही सीमित नहीं है। वे अपनी उपस्थिति समाज के हर क्षेत्र में दर्ज करवा रही है। विशिष्ट अतिथि लाडनूं की शिक्षाविद् कंचनलता शर्मा ने कहा कि महिलाओं को शक्तियां और सम्मान प्रदान करना ही सही अर्थों में महिला सशक्तिकरण है। विशिष्ट अतिथि सुशीला भामा ने कहा कि महिलाओं को मजबूत किए बिना हमारे देश के विकास की कल्पना ही बेमानी है। प्रधानाचार्या कुसम शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही महिलाओं का विकास भारतीय आयोजन प्रणाली का एक केंद्रीय विषय रहा है। विशिष्ट अतिथि प्रदेश महिला कांग्रेस की संरक्षिका सरला पांडे, रेखा स्वामी ने भी विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता अमराव कुमारी सिंघी ने की। संचालन प्रमिला व सुनीता रावतानी ने किया। स्वागत भाषण स्नेहप्रभा मिश्रा ने दिया। अभिनंदन पत्र का वाचन पार्षद मधु बागरेचा ने किया। संतोष माटोलिया, प्रधानाचार्या सरोज पूनियां वीर, राजकंवर राठौड़, चित्रकार अभिलाषा सोनी, ललिता कुमावत, ने अतिथियों का स्वागत किया।
महात्मा गांधी: सामयिक संदर्भ व्याख्यान कल
चूरू. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वें जयंती वर्ष के उपलक्ष में महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति की ओर से जिला मुख्यालय स्थित सूचना केंद्र में 26 जनवरी को महात्मा गांधी: सामयिक संदर्भ विषयक व्याख्यान कार्यक्रम होगा। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के प्रदेश सह समन्वयक हेमंत धारीवाल व जिला समन्वयक दुलाराम सहारण ने बताया कि दोपहर 12 बजे प्रयास संस्थान की सहभागिता में होने वाले इस व्याख्यान में मुख्य अतिथि तकनीकी, संस्कृत, चिकित्सा, स्वास्थ्य, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के राज्य मंत्री सुभाष गर्ग होंगे। इस मौके पर गांधीवादी विचारक प्रो. नंदकिशोर आचार्य सामयिक संदर्भों पर महात्मा गांधी विषयक व्याख्यान देंगे।





No comments:
Post a Comment