नए साल में मिल सकेगा आश्रय
-स्थाई आश्रय स्थल हो रहा तैयार
-मार्च से शुरू हो सकेगा 100 पलंग का आश्रय स्थल
-सर्वसुविधायुक्त होगा भवन
धौलपुर. असहाय और जरूरतमंद लोगों को आश्रय देने के लिए स्थाई रैन बसेरा 'आश्रय स्थलÓ नए साल में शुरू हो सकेगा। दीनदयाल अंतोदय योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिनशन के तहत शहर के धूलकोट में करीब 60 लाख की लागत से भवन तैयार कराया जा रहा है। जिसको मार्च 2019 से पहले शुरू किया जा सकेगा।
गौरतलब है कि नगरपालिका की ओर से अभी आश्रय स्थल के अभाव में रैन बसेरा मचकुण्ड रोड पर संचालित है। शहर स्थित रेलवे स्टेशन व बस स्टैण्ड से काफी दूर होने के कारण जरूरतमंद लोग वहां तक पहुंचने से कतराते हैं। ऐसे में इस तेज सर्दी के मौसम में भी इक्का दुक्का ही लोग रैन बसेरे में आश्रय ले सक रहे हैं। लेकिन अब कुछ दिनों बाद शहर के बीचोंबीच धूलकोट में जरूरतमंदों के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन तैयार किया जा रहा है।
100 पलंग की क्षमता
स्थाई आश्रय स्थल में करीब 100 पलंग की व्यवस्था होगी। मसलन एक समय करीब 100 लोग इस भवन में एकसाथ आश्रय ले सकेंगे। शहर के बीचोंबीच होने से लोगों की पहुंच भी हो सकेगी।
महिलाओं के लिए अलग सुविधा
आश्रय स्थल महिलाओं को ध्यान में भी रखकर तैयार कराया जा रहा है। आश्रय स्थल में चार बड़े हॉल तैयार किए जा रहे हैं। दो मंजिला भवन में दो बड़े हॉल नीचे व दो हॉल प्रथम मंजिल पर तैयार किए जा रहे हैं।
भवन निर्माण में तेजी के प्रयास
भवन निर्माण लगातार प्रगति पर है। इसे जल्द पूरा करने के लिए प्रयास जारी है। सूत्रों के मुताबिक इसे लगभग तीन माह में तैयार कर लिया जाएगा।
आधुनिक रसोई भी
आश्रय स्थल में आधुनिक रसोई भी प्रस्तावित है। जिसमें एक साथ 100 लोगों के लिए भोजन तैयार किया जा सकेगा। रसोई में आधुनिक उपकरण भी लगाए जाएंगे। जिससे यात्रियों व आश्रय लेने वाले लोगों को भोजन के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
मनोरंजन का भी इंतजाम
आश्रय स्थल में लोगों की सभी सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। यहां लोगों के मनोरंजन के लिए टेलीविजन, विभिन्न समाचारपत्र, पत्रिकाएं और गेम्स की भी सुविधा होगी।
तैयार होगा बगीचा
आश्रय स्थल में छोटा सा बगीचा भी तैयार कराया जाएगा। जिसमें लोग अपने को तरोताजा महसूस कर सकेंगे। बगीचा भवन निर्माण के दूसरे चरण में तैयार होगा। यहां बच्चों के लिए विभिन्न झूले व मनोरंजन के साधन मौजूद रहेंगे।
अब दूर नहीं होंगे बस स्टैण्ड व रेलवे स्टेशन
मौजूदा स्थिति में रैन बसेरा दूर होने के कारण स्थानीय निकाय की तीन सदस्यीय टीम बस स्टैण्ड व रेलवे स्टेशन पहुंचती है। वहां पहुंच ये टीम रैन बसेरे के लिए जरूरतमंद लोगों से बात करती है और उन्हें रैन बसेरा चलने के लिए कहती है। लेकिन कई बार स्थान दूर होने के कारण इन्हें खाली हाथ ही आना पड़ता है। अब आश्रय स्थल बनने के बाद ऐसा समस्या नहीं होगी। शहर के बीचोंबीच होने के कारण सभी जरूरतमंदों की पहुंच आसानी से होगी।
लगेंगे सीसीटीवी
आश्रय स्थल में सुरक्षा के पूरे इंतजाम होंगे। निहालगंज पुलिस थाने के टीक सामने स्थित होने के बावजूद भवन में सीसीटीवी लगाए जाएंगे। जिसेस सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी सके। सीसीटीवी के माध्यम से यहां मौजूद लोगों की सुरक्षा व्यवस्था की मानिटरिंग होगी।
जल्द शुरू करने के प्रयास
आश्रय स्थल को जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही इसकी सुविधाएं लोगों को मिलने लग जाएंगी। सभी तरह की सुविधाएं आश्रय स्थल में मिल सके इसके लिए भी प्रयास हो रहे हैं।
यतेन्द्र शर्मा
जिला प्रबंधक, दीनदयाल अन्तोदय योजना, धौलपुर





No comments:
Post a Comment