नारणावास. ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को माध्यमिक के रूप में क्रमोन्नत करवाने की मांग करते हुए शिक्षा मंत्री गोविंदसिंह डोटासरा के नाम प्रभारी मंत्री भंवरसिंह भाटी को ज्ञापन दिया गया।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत मुख्यालय नया नारणावास स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मात्र आठवीं तक का विद्यालय है। माध्यमिक विद्यालय नहीं होने से चार किलोमीटर दूर नारणावास गांव जाना पड़ता है। दूरी 4 किलोमीटर होने एवं यातायात के साधन नहीं मिलने से नया नारणावास की बालिकाओं को मजबूरी में पढ़ाई बीच में ही छोडऩी पड़ती है। गांव में वर्तमान में करीब 25 बालिकाएं आठवीं के बाद स्कूल नहीं जा पा रही है। नया नारणावास में ग्राम पंचायत भवन बना हुआ है तथा अटल सेवा केन्द्र भी बने हुए हैं, लेकिनग्राम पंचायत मुख्यालय पर मात्र आठवीं तक का ही विद्यालय है। जालोर जिले में एक मात्र नया नारणावास गांव ही है, जहां पंचायत मुख्यालय होने के बावजूद माध्यमिक विद्यालय नहीं है। हाल ही में राज्य सरकार ने शिक्षा विभाग से ग्राम पंचायत मुख्यालय पर माध्यमिक विद्यालय नहीं होने की सूचना भी मांगी गई है। इसमें नया नारणावास गांव में माध्यमिक विद्यालय नहीं है इसकी सूचना शिक्षा अधिकारियों की ओर से भेजी जा चुकी है। इसके तहत ग्राम पंचायत मुख्यालय नया नारणावास स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय को माध्यमिक विद्यालय के रूप में क्रमोन्नत करवाने का विवरण भेजा गया है। इस दौरान नया नारणावास के रूपसिंह राठौड़,ग्रेनाइट एसोसिएशन अध्यक्ष लालसिंह धानपुर, जोगसिंह नया नारणावास, मंगलसिंह बोड़ा सहित कई लोग मौजूद रहे।प्रभारी मंत्री ने समुचित कार्रवाईका भरोसा दिलाया, जिस पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की।
बालिकाओं ने तैयार किया ज्ञापन
नया नारणावास के रूपसिंह राठौड़ ने बताया कि यह ज्ञापनभी बालिकाओं ने ही तैयार करवाया है। ग्राम पंचायत मुख्यालय होने के बावजूद राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ही है। इससे बच्चे और खासकर बालिकाएं उच्च अध्ययन नहीं कर पातीं। आठवीं कक्षा के बाद बालिकाओं को मजबूरी में पढ़ाई छोडऩी पड़ती है। बालिकाओं के आग्रह पर ग्रामीणों ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन तैयार किया गया तथा ग्रामीणों ने बागरा जाकर प्रभारी मंत्री को सौंपा।





No comments:
Post a Comment