ऋषभदेव. स्थानीय थाना पुलिस ने रविवार को लगातार दूसरे दिन लूट के दूसरे मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसमें एक आरोपी बाल अपचारी बताया जा रहा है। थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि १३ दिसम्बर को मसारो की ओबरी निवासी भगवानलाल मीणा व उसका पड़ौसी सुरेश कुमार रात करीब ९ बजे बाइक से जावरमाइंस जा रहे थे। तभी मार्ग में भाउआ घाटा के समीप दो बाइक पर सवार चार आरोपी बाइक के पीछे आए। उन्होंने भगवान की बाइक रोककर रुपए की मांग की। इनकार करने पर आरोपियों ने मारपीट की और बाइक लेकर भाग छूटे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई कर कागदर निवासी पंकज मीणा को गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य बाल अपचारी को डिटेन किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कागदर डेम से जुड़ी नहर के पानी में छिपी बाइक बरामद की। पुलिस को मामले में आरोपियों से पूछताछ के दौरान अन्य सुराग मिलने की भी संभावना है। लगातार दूसरे दिन लूट का खुलासा करने से पुलिस में भी उत्साह दिखाई दिया।





No comments:
Post a Comment