बूंदी/हिंडोली।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे शनिवार शाम को प्रदेश के बूंदी जिले के हिंडोली कस्बे में पहुंची। यहां राजे का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया। बता दें कि पूर्व सीएम वसुंधरा राजे मंगलवार तक झालरापाटन-झालावाड़ के दौरे पर हैं।
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार झालावाड़ का दौरे पर हैं। वहीं दौरे के दौरान राजे का जगह-जगह स्वागत का कार्यक्रम भी किया जाएगा। प्रवास पर रहने के दौरान वसुंधरा राजे यहां तयशुदा कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
शनिवार शाम को राजे हिंडोली के हाईवे पर पहुंची, जहां पर दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री कार से उतरने लगी तो कार्यकर्ताओं में मोबाइल से सेल्फी लेने की होड़ मच गई। जिस पर राजे ने कार के ऊपर खड़े होकर कहा कि आजकल कार्यकर्ताओं में सेल्फी का प्रचलन बढ़ गया है। राजे के ये बात बोलते ही मौजूद कार्यकर्ता हंसने लगे।
इस दौरान पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओं के विधानसभा चुनाव में किए गए काम की तारीफ करते हुए कहा कि 'कार्यकर्ताओं का काम अच्छा था, जिले में 3 में से 2 सीटें भाजपा की झोली में डाली है। आगे भी अच्छा कार्य करते रहें'।





No comments:
Post a Comment