Breaking News
recent

IND vs NZ ODI : गणतंत्र दिवस पर न्‍यूजीलैंड में लहराया तिरंगा, भारत 90 रनों से जीता

माउंट माउंगानुई : भारतीय बल्‍लेबाजों और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने न्‍यूजीलैंड को यहां खेले गए 5 वनडे मैच की सीरीज के दूसरे एकदिवसीय मैच में 90 रनों से हराकर 2-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने का निर्णय लिया और रोहित शर्मा (87) तथा शिखर धवन (66) की अर्धशतकों की मदद से 324 रनों का विशाल स्‍कोर खड़ा किया। 325 रनों के विशाल लक्ष्‍य के सामने न्‍यूजीलैंड की बल्‍लेबाजी क्रम भहरा गई और पूरी टीम 40.2 ओवर में 234 रनों पर भहरा गई। मध्‍य के ओवरों में भारत के चाइनामैन कुलदीप यादव (4 विकेट) की फिरकी में न्‍यूजीलैंड ऐसी उलझी की डग ब्रैसवेल (57) और कुछ हद तक टॉम लैथम (34) के अलावा कोई भी बल्‍लेबाज भारतीय गेंदबाजों का विश्‍वास के साथ सामना नहीं कर पाई। उनके अलावा भुवनेश्वर कुमार और युजवेंद्र चहल के हाथ को दो तो मोहम्मद शमी और केदार जाधव को एक विकेट मिला।

भारत ने बल्‍लेबाजों के सामूहिक प्रयास से खड़ा किया बड़ा स्‍कोर
इससे पहले टॉस जीतकर पहले भारतीय बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपने बल्‍लेबाजों के सामूहिक प्रदर्शन से बे-ओवल मैदान पर खेले जा रहे दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 324 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
भारत को इस स्कोर तक पहुंचाने में रोहित शर्मा (87) और शिखर धवन (66) के अलावा करीब-करीब सभी ने उपयोगी अंशदान किया। मध्‍य ओवरों में जब यह लगने लगा था कि भारत का 300 के पार नहीं जा पाएगा तो अंत में महेंद्र सिंह धोनी (33 गेंद पर नाबाद 48) और केदार जाधव (10 गेंद पर नाबाद 22) ने ताबड़तोड़ बल्‍लेबाजी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। धोनी और जाधव ने आखिरी ओवर में 21 रन जोड़े।

मिली ठोस शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का भारत का फैसला सही रहा। रोहित और धवन की सलामी जोड़ी ने टीम को ठोस शुरुआत दी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 154 रन जोड़े। यह इन दोनों के बीच 14वीं शतकीय साझेदारी थी। रोहित का यह 38वां वनडे अर्धशतक है तो वहीं धवन का वनडे में यह 27वां अर्धशतक है। रोहित का यह न्यूजीलैंड में सर्वोच्च स्कोर भी है।
रोहित और धवन ने टीम को तेज तो नहीं लेकिन ठोस शुरुआत दी। इन दोनों ने नौवें ओवर में भारत को 50 के स्कोर तक पहुंचाया। इस दौरान भारत का रन रेट 5.55 रहा। इसी रन रेट से भारतीय टीम ने 18वें ओवर में 100 रन पूर किए। अगले 50 रन जोड़ने के लिए इस जोड़ी ने सात ओवर लिए।
26वें ओवर की पहली गेंद पर ट्रैंट बाउल्ट की ऑफ स्टम्प के बाहर जाती गेंद को कट मारने के प्रयास में धवन विकेटकीपर टॉम लाथम के हाथों लपके गए। धवन ने अपनी पारी में 67 गेंदों का सामना किया और नौ चौके मारे।

शतके से चूके रोहित
दूसरे छोर से रोहित एक और शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन लॉकी फर्ग्‍यूसन ने उनका रास्ता रोक दिया। फर्ग्‍यूसन की गेंद को पुल करने के प्रयास में रोहित कोलिन डी ग्रांडहोम के हाथों लपके गए। उनका विकेट 172 के कुल स्कोर पर गिरा।
दोनों सेट बल्लेबाजों के जाने के बाद भी भारत का स्कोर बोर्ड रुका नहीं। कप्तान कोहली (43) और अंबाती रायडू (47) ने लगातर रन लेकर उसे चालू रखा, हालांकि यहां किवी गेंदबाजों ने भारतीय रन गति को ज्यादा तेज नहीं होने दिया। कोहली और रायडू ने तीसरे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की। बाउल्ट ने कोहली को ईश सोढ़ी के हाथों कैच करा उन्हें अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया। कोहली ने 45 गेंदों पर पांच चौकों की सहायता से 43 रन बनाए।
यहां भारत का 300 के पास जाना मुश्किल लग रहा था। रन गति तेज करने की कोशिश में 46वें ओवर की चौथी गेंद पर रायडू, फर्ग्‍यूसन को उन्हीं की गेंद पर कैच दे बैठे। रायडू ने 49 गेंदें खेलीं और तीन चौके तथा एक सिक्‍स लगाया। इसके बाद धोनी ने तेजी से रन बटोरे और भारत को 49वें ओवर में 300 पार पहुंचा दिया। आखिरी ओवर में जाधव ने भी अपने हाथ आजमाए और टीम को मजबूत स्कोर प्रदान किया। न्यूजीलैंड के लिए बोल्‍ट और फर्ग्‍यूसन ने दो-दो विकेट लिए।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.