नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी चार मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट सीरीज का चौथा मैच गुरुवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंडमें खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने चार टेस्ट मैचों की इस सीरीज में 2-1 की बढ़त बना रखी है। वह इस मैच को जीतकर 70 साल में पहली बार इतिहास रच सकती है।
मैच का हाल -
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लेकर मैदान पर उतरी भारतीय टीम को पहला झटका दूसरे ही ओवर में लगा। जोश हेजलवुड ने लोकेश राहुल (9) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। लोकेश राहुल दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर शॉन मार्श के हाथों लपके गए। हेजलवुड ने चौथी बार राहुल को किसी टेस्ट मैच में पवेलियन का रास्ता दिखाया है। इसके बाद मयंक ने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए भोजनकाल तक बिना कोई और नुकसान किए 59 रनों की साझेदारी कर टीम को 69 के स्कोर तक पहुंचाया। लेकिन लंच के बाद मयंक (77) भी अपना नियंत्रण खो बैठे और नाथन लॉयन की गेंद पर मयंक लंबा शॉट मारने की कोशिश में मिशेल स्टॉर्क के हाथों लपके गए। उन्होंने 112 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के लगाए। दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने 4 विकेट के नुकसान पर 303 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर चेतेश्वर पुजारा (130) और हनुमा विहारी (39) रन बनाकर खेल रहे हैं।
टीम ने किए ये बदलाव -
भारतीय टीम के गेंदबाज इशांत शर्मा चोटिल हैं और ऐसे में इस मैच के लिए उनके स्थान पर कुलदीप यादव को शामिल किया गया है।
दोनों टीमों ने क्यों पहना है काला बैंड -
भारतीय क्रिकेट को सचिन तेंदुलकर जैसा नायाब तोहफा देने वाले कोच रमाकांत आचरेकर का बुधवार को यहां निधन हो गया था और उनको श्रद्धांजलि के तौर पर भारतीय खिलाड़ियों ने काले रंग का बैंड पहना हुआ है। इसके अलावा, आस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने उनके पूर्व बल्लेबाज बिल वॉट्सन की याद में काले रंग का बैंड पहना हुआ है।
टीमें :
भारतीय टीम : विराट कोहली (कप्तान), लोकेश राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह
आस्ट्रेलिया टीम : टिम पेन (कप्तान-विकेटकीपर), मार्कस हैरिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुसचेग्ने, शॉन मार्श, पीटर हैंड्सकॉम्ब, ट्रेविस हेड, पैट कमिंस, मिशेल स्टॉर्क, नाथन लॉयन और जोश हेजलवुड।





No comments:
Post a Comment