जयपुर . परकोटा स्थित चौड़ा रास्ता में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात चोरों ने ज्वैलर की शॉप सहित दो दुकानों के ताले तोड़ दिए। उन्होंने पहले किताबों की दुकान (बुक हाउस) के ताले तोड़े, जहां नकदी न मिलने पर ज्वैलर की दुकान को निशाना बनाया। यहां 13 तालों को तोड़ा और करीब 47 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। एक ही रात में दो दुकानों के ताले टूटने से स्थानीय व्यापारियों में रोष फैल गया।
मेन गेट के नौ और लॉकर के चार ताले तोड़े
पीडि़त पन्ना लाल जडिय़ा एंड संस के मालिक राम प्रकाश सोनी ने बताया कि गुरुवार रात करीब सात बजे वह दुकान मंगल कर घर गए थे। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस के गश्ती दल ने दुकान के मेन गेट के ताले टूटे होने की सूचना दी। इस पर सोनी तत्काल परिजनों के साथ वहां पहुंचे। वहां दुकान के मेन गेट पर लगे नौ ताले टूटे थे। वहीं, भीतर लॉकर के चार ताले तोड़ कर चोर सोने की अंगूठियां, झुमके, हार, रखड़ी, मंगलसूत्र, बालियां, चूडियां व चेन सहित करीब डेढ़ किलो वजनी सोने के जेवर सहित करीब एक किलो चांदी के जेवरात और 40 हजार रुपए ले गए।
प्रोफेशनल गिरोह
वहीं, कोतवाली पुलिस ने बताया कि किसी प्रोफेशनल गिरोह ने बड़ी होशियारी से घटना को अंजाम दिया। फिंगर प्रिंट से पकड़े जाने के चलते चोर दुकान में तोड़े गए सभी ताले भी साथ ले गए। साथ ही चोरों ने रैकी के बाद वारदात को अंजाम दिया। वहीं, एफएसएल की टीम ने मौके से कुछ महत्वपूर्ण नमूने उठाए।
'सभी चोरियों का खुलासा करे पुलिस'
चोरी की जानकारी मिलने पर घटनास्थल के बाहर कई स्थानीय व्यापारी जुट गए। इस बीच क्षेत्रीय विधायक अमीन कागजी भी वहां पहुंच गए। फिर चौड़ा रास्ता व्यापार संघ की ओर से कोतवाली थाने में प्रदर्शन किया। व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में दो माह के भीतर दुकानों के ताले टूटने की आठ वारदात हो चुकी हैं। उन्होंने सभी का खुलासा किए जाने और गश्त व्यवस्था प्रभावी बनाने की मांग भी की। वहीं, सात दिन के भीतर चोरी का खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी।





No comments:
Post a Comment