जैसलमेर/फलसूण्ड. क्षेत्र में बिगड़ी पेयजल व्यवस्था पर एक पखवाड़े में ही ग्रामीणों का गुस्सा फिर फूट पड़ा। ग्रामीणों ने चार घंटे तक विरोध प्रदर्शन कर 16 फरवरी तक समस्या का समाधान नहीं होने पर 17 फरवरी को जन आंदोलन करने की चेतावनी दी। गौरतलब है कि फलसूण्ड बूस्टिंग स्टेशन से दर्जनोंं गांवों व ढाणियों में जलापूर्ति की जाती है। यहां कई महिनों से जलापूर्ति बंद पड़ी है। ऐसे में ग्रामीणों को पेयजल संकट से रूबरू होना पड़ रहा है। इसी को लेकर गत 29 जनवरी को ग्रामीणों की ओर से बूस्टिंग स्टेशन पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया गया था। जिस पर अधिकारियों की ओर से एक सप्ताह में समस्या के निराकरण का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए तथा चार घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। गांव के बूस्टिंग स्टेशन के आगे बड़ी संख्या में ग्रामीण सोमवार को सुबह 10 बजे एकत्र हुए। उन्होंने यहां धरना शुरू किया। इस संबंध में जलदाय विभागाधिकारियों को भी सूचना दी गई, लेकिन दो बजे तक भी केाई अधिकारी यहां नहीं पहुंचा। उन्होंने उपखण्ड अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता की, तो उन्होंने तहसील के कनिष्ठ लिपिक को मौके पर भेजा। जिसे ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को लेकर ज्ञापन सुपुर्द किया।
अब 17 को होगा आंदोलन
ग्रामीणों ने जिला कलक्टर के नाम एक ज्ञापन कनिष्ठ लिपिक को सुपुर्द कर राजमथाई से फलसूण्ड तक लगाई गई मुख्य पाइपलाइन पर किए गए अवैध कनेक्शनों को हटाने, 2016 में हटाए गए कनेक्शन पुन: जोडऩे, फलसूण्ड की पाइपलाइन पर स्वामीजी की ढाणी में लगे वॉल्व को हटाने, फलसूण्ड, मानासर, भोमसिंहपुरा बूस्टिंग स्टेशन से योजना के अनुसार जलापूर्ति करने, पुरानी पाइपलाइन बदलकर नई पाइपलाइन लगाने, जलदाय विभाग के टैंकर थेबों की ढाणी से भरने, गांव की कमेटी बनाकर योजना से जलापूर्ति करवाने, बूस्टिंग स्टेशन पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने, भीम तालाब को वापिस पाइपलाइन से जोडऩे, बूस्टिंग स्टेशन पर लगे बूस्टर को सही करने की मांग की। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी तक उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो 17 फरवरी को जन आंदोलन किया जाएगा।
नहीं हो रहा समस्या का समाधान
फलसूण्ड व आसपास के गांवों में लम्बे समय से पेयजल समस्या है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। सोमवार को विरोध प्रदर्शन की पूर्व सूचना के बावजूद कोई अधिकारी यहां नहीं पहुंचा। अब 17 फरवरी को आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेवारी प्रशासन की होगी।
गंगासिंह जोधा, भाजपा मंडल अध्यक्ष, फलसूण्ड।
अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचना गंभीर
फलसूण्ड में धरने की जानकारी मिलने पर अधिशासी अभियंता को अवगत करवा दिया गया था, लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जो गंभीर मामला है। इस संबंध में जिला कलक्टर को सूचना दे दी गई है।
अनिलकुमार जैन, उपखण्ड अधिकारी, पोकरण।





No comments:
Post a Comment