सवाईमाधोपुर. सरकारी विद्यालयों में शुद्ध पेयजल के प्रबंध के लिए टंकियों की जांच अभियान बुधवार को भी जारी रहा। बुधवार को शिक्षा अधिकारियों ने जिले की कई ग्राम पंचायतों में जाकर सरकारी विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने टंकियों की सफाई व जल गुणवत्ता की जांच की। जांच के दौरान अधिकतर विद्यालयों में अधिकारियों को टंकियों पर सफाई की तिथि व आगामी सफाई की तिथि अंकित नहीं मिली। इस पर अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को टंकियों पर सफाई की तिथि की पर्ची चिपकाने के निर्देश दिए।
भदलाव में सही मिली व्यवस्थाएं
इसी क्र म में मंगलवार को राजकीय आदर्श उमावि का निरीक्षण मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कमला बारवाल ने किया। इस दौरान विद्यालय में श़ुद्ध पेयजल मिला और शौचालय भी साफ पाए गए। प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर भी ठीक मिला। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का परीक्षा पर चर्चा संवाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
34 सदस्यीय टीम ने किया निरीक्षण
शिक्षा अधिकारियों की 34 सदस्यीय टीम ने लगातार दो दिनों तक जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जाकर विद्यालयों का निरीक्षण किया। दो दिनों के निरीक्षण में कुल 222 विद्यालयों की जांच की गई। इसमें मंगलवार को 103 व बुधवार को टीम ने 119 विद्यालयों की जांच की।
पेड़ तले करा रहे पढ़ाई
निरीक्षण के दौरान खिजूरी व रवांजना डूं्रगर में विद्यार्थियों को शिक्षक खुले में पेड़ के नीचे पढ़ाई कराते मिले। इस पर अधिकारियों ने शिक्षकों को विद्यार्थियों को कक्षा कक्षों में बैठाकर पढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं राउप्रावि जैतपुर में विद्यालय भूमि पर अतिक्रमण मिला। अब अतिक्रमण को हटवाने की कार्रवाई की जाएगी।
आंकड़ों की नजर में निरीक्षण
2 दिन तक चला निरीक्षण
222 स्कूलों की जांच
34 सदस्यीय टीम ने किया निरीक्षण
3 बार एक माह में किया जाएगा निरीक्षण
पत्रिका ने उठाया था मुद्दा
पत्रिका में स्कूलों में पेयजल प्रबंधों के बदहाल होने को लेकर 23 जनवरी से 'स्कूलोंं में नौनिहाल पी रहे जहर जिम्मेदार आंखे मूंद कर बैठेÓ शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर इस मुद्दे को उठाया था। इसके बाद हरकत में आए शिक्षा विभाग ने स्कूलों में पेयजल के प्रबंध की सुध ली।
अब सुधरने लगे हालात
टंकियों की कराई सफाई
अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के निर्देश
विद्यालयों में रखवाई जाएंगी दो टंकियां
खराब हैण्डपंपों की होगी मरम्मत
अब भी है कुछ कमियां
टंकियों पर नहीं लिखी सफाई की तिथि
कई विद्यालयों में मिली शौचालयों की कमियां
अतिक्रमण से भी जूझ रहे स्कूल
कई जगह खराब मिले हैण्डपंप
दो दिनों के निरीक्षण मेंं जिले के 222 विद्यालयों की जांच की गई। अधिकतर विद्यालयों में पेयजल के माकूल प्रबंध मिले। विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
ंसुरेन्द्र गौड़, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, सवाईमाधोपुर।





No comments:
Post a Comment