वेलिंगटन : भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे 5 मैचों की वनडे सीरीज के पहले तीन मैच में भारत ने एकतरफा प्रदर्शन कर जीत हासिल की तो वहीं हेमिल्टन में खेले गए चौथे वनडे में भारत की शिकस्त भी करारी हुई। चौथे वनडे में भारत 92 रन पर आलआउट हो गया। इस लक्ष्य को किवीज ने आसानी से हासिल कर आठ विकेट से जीत हासिल कर ली। अब सीरीज अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और अंतिम तथा पांचवां वनडे मैच रविवार को वेलिंगटन के वैस्टपेक स्टेडियम में होने वाला है। भारत इस सीरीज का समापन जीत के साथ करना चाहेगा तो किवीज सम्मान बचाने के लिए जीत का जोर लगाएगी। इस मैच में टी-20 सीरीज से पहले जीत कर मनोवैज्ञानिक बढ़त लेने की भी कोशिश होगी।
स्विंग नहीं झेल पाई थी टीम इंडिया
चौथे वनडे में हेमिल्टन की पिच पर किवीज गेंदबाजों को जबरदस्त स्विंग मिला था, जिसे विराट कोहली की अनुपस्थिति वाली टीम इंडिया के बल्लेबाज नहीं झेल पाए थे। ट्रेंट बोल्ट और कोलिन डी ग्रांडहोम के सामने भारतीय बल्लेबाज एक-एक रन के लिए तरस कर रह गए थे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि वेलिंगटन में भी वैसी ही स्विंग देखने को मिल सकती है। ऐसे भारतीय बल्लेबाजों को काफी सावधान रहना होगा। इसके अलावा यहां के मैदान पर भी भारत को 16 साल पहले 2003 में इकलौती जीत सौरभ गांगुली की कप्तानी में मिली थी। इस मैदान पर भारत ने अब तक तीन वनडे मैच खेले हैं, जिसमें एक में जीत, एक में हार मिली थी, जबकि एक का परिणाम नहीं निकला था।
रोहित के कंधों पर होगी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी
चौथे मैच में विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी नहीं खेले थे। विराट कोहली जहां छुट्टी पर हैं, वहीं धोनी की फिटनेस पर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में रोहित को बल्लेबाजी की जिम्मेदारी खुद अपने कंधों पर उठानी होगी। उनका साथ शिखर धवन, अंबाती रायडू, केदार जाधव और दिनेश कार्तिक को देना होगा। वहीं युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को भी खुद को साबित करना होगा।
गेंदबाजी में हो सकता है बदलाव
तेज गेंदबाजी की बात करें तो भुवनेश्वर को आराम देकर मोहम्मद शमी की वापसी हो सकती है तो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद के स्थान पर मोहम्मद सिराज को लाया जा सकता है। इसकी वजह यह है कि विश्व कप के लिए चुने जा सकने वाले प्लेयर्स को आजमाना भी है। हार्दिक पांड्या का खेलना तो तय है। इसके अलावा कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल में से किसी एक को आराम देकर रविंद्र जडेजा को भी मौका दिया जा सकता है।
ऐसी हो सकती है किवीज टीम
पिछली जीत से आत्मविश्वास से भरी न्यूजीलैंड की टीम के लिए बोल्ट और ग्रांडहोम ने गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन किया था। टीम प्रबंधन चाहेगा कि बाकी के गेंदबाज भी फॉर्म में वापसी करें। वहीं बल्लेबाजी में मार्टिन गुप्टिल का खेलना संदिग्ध है। उनकी पीठ के निचले हिस्से में चोट लगी है। उनकी जगह कोलिन मुनरो को मौका मिल सकता है। कप्तान केन विलियम्सन से भी फॉर्म में आने की उम्मीद टीम मैनेजमेंट ने लगा रखी होगी। रॉस टेलर अच्छा खेल रहे हैं, लेकिन उन्हें किसी का साथ नहीं मिल रहा है। टॉम लाथम को भी बड़ी भूमिका निभानी होगी।
दोनों टीमें :
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, अंबाती रायडू, शिखर धवन, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), शुभमान गिल, विजय शंकर, हार्दिक पांड्या, खलील अहमद, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।
न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), ट्रेंट बोल्ट, जेम्स नीशाम, कोलिन डी ग्रांडहोम, लॉकी फर्ग्यूसन, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम (विकेटकीपर), कोलिन मुनरो, हेनरी निकोलस, मिशेल सेंटनर, टॉड एस्ले, टिम साउदी, रॉस टेलर।





No comments:
Post a Comment