Breaking News
recent

पिछले मैच की गलती नहीं दोहराएगी टीम इंडिया, दूसरे टी-20 मैच में ऐसी हो सकती है अंतिम एकादश

बेंगलूरु : आस्‍ट्रेलिया और भारत के बीच दूसरा टी-20 मैच 27 फरवरी बुधवार को यहां के चिन्‍नास्‍वामी स्‍टेडिययम में खेला जाना है। दो टी-20 मैचों की सीरीज में भारत विशाखापत्‍तनम में अपना पहला मैच हार कर यहां आई है। उसकी पूरी कोशिश होगी कि यह मैच जीत कर वह सीरीज बराबर करे, लेकिन टीम इंडिया की नजरें विश्व कप 2019 की तैयारियों पर भी लगी है। यही वजह थी कि भारत ने पहले टी-20 मैच में भारत ने अपनी टीम में काफी प्रयोग किए। इस चक्‍कर में भारत की पूंछ काफी लंबी हो गई। पांचवें क्रम के बाद भारत के पास कोई ऐसा नहीं बचा था जो थोड़ी-बहुत भी बल्‍लेबाजी कर सके। इस बार टीम इंडिया वह गलती नहीं करना चाहेगी। इसलिए वह कुछ बदलावों के साथ उतर सकती है और ऐसी हो सकती है अंतिम एकादश।

शीर्षक्रम में आ सकते हैं शिखर
टीम इंडिया दूसरे टी-20 में शॉर्टर फॉर्मेट के अपने नियमित ओपनर रोहित शर्मा और शिखर धवन के साथ उतर सकती है। शिखर को ॠषभ पंत की जगह टीम में लिया जा सकता है। वह पहले टी-20 में नहीं खेले थे और टीम इंडिया की बल्‍लेबाजी बुरी तरह फ्लॉप हो गई थी। विराट और केएल राहुल के अलावा कोई भी विश्‍वास के साथ कंगारू गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाया था। महेंद्र सिंह धोनी ने हालांकि रन जरूर बनाए थे, लेकिन पूरी पारी के दौरान वह संघर्ष ही करते दिखे थे। इसके बाद पहले क्रम पर पहले टी-20 में अर्द्धशतक बनाकर अपने फॉर्म की झलक दिखा चुके राहुल को मौका मिल सकता है। ऐसा इसलिए भी होने की उम्‍मीद है, क्‍योंकि टीम मैनेजमेंट विश्‍व कप में उन्‍हें तीसरे ओपनर के रूप में देख रहा है।

मध्‍यक्रम में आ सकते हैं विराट
कप्‍तान विराट कोहली खुद को एक स्‍थान नीचे खिसका कर चौथे नंबर पर ला सकते हैं। पहले टी-20 में एडम जंपा की गेंद पर आउट होने से पहले वह अच्‍छी लय में दिख रहे थे। बेंगलूरु में वह बड़ा स्‍कोर करना चाहेंगे। पांचवें क्रम पर महेंद्र सिंह धोनी बल्‍लेबाजी के लिए उतरेंगे। हालांकि वह पहले मैच को भूलकर अपनी स्ट्राइक रेट को इस बार बढ़ाना चाहेंगे और दूसरे टी-20 में वह बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। छठे क्रम पर न्‍यूजीलैंड सीरीज में अच्‍छी बल्‍लेबाजी करने वाले और गेंदबाजी में भी उपयोगी अंशदान देने वाले विजय शंकर को मौका मिलने की उम्‍मीद है। उनके लिए दिनेश कार्तिक को बाहर किया जा सकता है। हालांकि कार्तिक को वनडे सीरीज में नहीं चुना गया है, इसलिए संभव है कि उन्‍हें टीम में बनाए रखा जाए और पहले टी-20 में असरहीन रहे उमेश यादव की जगह शंकर को टीम में शामिल किया जा सकता है।

जडेजा की हो सकती है वापसी
लोअर मिडल ऑर्डर को मजबूत करने के लिए बतौर तीसरे स्पिनर रविंद्र जडेजा की वापसी हो सकती है। वह स्पिन विभाग को मजबूती देने के अलावा बल्‍लेबाजी विभाग को भी मजबूत करेंगे। इसके बाद दूसरे स्पिनर क्रुणाल पांडया होंगे, जो आलराउंडर की हैसियत से पहले से ही टीम में हैं। स्‍ट्राइक स्पिनर की भूमिका में युजवेंद्र चहल रहेंगे।

तेज गेंदबाजी में बुमराह संभालेंगे कमान
जसप्रीत बुमराह भारतीय आक्रमण की जान हैं। वह गेंदबाजी की शुरुआत से लेकर डेथ ओवर तक प्रभावी रहते हैं। संभव है कि टीम इंडिया अकेले उन पर तेज गेंदबाजी में दांव लगाए और दूसरे तेज गेंदबाज की भूमिका विजय शंकर निभाएं। अगर टीम मैनेजमेंज ने तय किया कि उसे विशुद्ध तेज गेंदबाज के साथ जाना है तो वह वह विजय शंकर या जडेजा की जगह एकादश में सिद्धार्थ कौल को शामिल कर सकती है। क्‍योंकि अंतिम ओवर में उमेश यादव 14 रन का लक्ष्‍य भी नहीं बचा सके थे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.