रंगरेज समाज की 277 प्रतिभाएं सम्मानित
झुंझुनूं. रंगरेज समाज सोसायटी की ओर से रविवार को रंगरेज समाज का जिलास्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह हुआ। सामुदायिक भवन में हुए सम्मान समारोह में समाज की 277 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक बृजेंद्र ओला थे। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम होते रहने चाहिए, जिससे समाज शिक्षा के प्रति अग्रसर हो सके। अध्यक्षता पार्षद मोहम्मद सदीक डायर ने की।विशिष्ट अतिथि डॉ. मोहम्मद असलम, डॉ. मोहम्मद इस्माइल, पार्षद मोहम्मद इब्राहिम, पार्षद इकबाल जाजोदिया, डॉ.फायजा मंजूर थे। कार्यक्रम में कक्षा आठ से लेकर स्नातकोत्तर की कक्षाओं में उच्च अंक लाने वाले विद्यार्थी, सरकारी सेवाओं में कार्यरत समाज के लोगों, पार्षद, पूर्वपार्षद आदि का सम्मान किया गया। संचालन इंजी. मुमताज अली व मास्टर मोहम्मद इसहाक ने किया। सोसायटी अध्यक्ष मकबूल हुसैन व सचिव इकबाल हवलदार ने आभार जताया। इस अवसर पर हाफिज मुमताज, जाफर अली, मास्टर निजामुद्दीन, मोहम्म्द इस्माइल, गुलाम हुसैन, अब्दुल सत्तार, डॉ. मोहम्मद आमीन आदि मौजूद थे।
शिक्षा समाज व राष्ट्र के विकास की कुंजी
सीकर. शिक्षा समाज व राष्ट्र के विकास की कुंजी होती है। इसलिए शिक्षण संस्थाएं समाज के विकास के केंद्र बनने चाहिए। कायमखानी छात्रावास का समाज में शिक्षा के विकास में अहम योगदान रहा है। इसलिए हमें (पूर्व छात्रों) भी चाहिए कि इसके विकास पर ध्यान दें । इससे आने वाली पीढ़ी को बेहतर सुविधाएं व माहौल मिल सके। इस तरह के विचार यहां कायमखानी छात्रावास में रविवार को पूर्व छात्रों के स्नेह मिलन में वक्ताओं ने व्यक्त किए। समारोह में देश विदेश में बसे पूर्व छात्रों ने शिरकत की और अपनी पुरानी यादें ताजा की। समारोह में राज्य के पूर्व केबिनेट मंत्री यूनुस खां, सीकर नगर परिषद के सभापति जीवण खां, न्यायाधीश मोहम्मद अयूब खां कुचामन, पूर्व प्रधान उस्मान खां, अब्दुल रसीद खां बेसवा, सहायक अभियंता इमरान खां लाडनूं, सीकर जिला बार एसोसिएशन के महासचिव नवाब अली खां, प्रधानाचार्य अखलाक अहमद चौलूका, प्रधानाचार्य सज्जाद खां मंडावा मकसूद खां किरडोली, नियाज खां जाजोद, पूर्व वार्डन सादुर्ल खां व अब तक के सभी पूर्व वार्डन बतौर अतिथि मौजूद थे। इस मौके पर अतिथियों ने समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए छात्रावास में रह रहे छात्रों से कहा कि वे आने वाले समय में समाज का चेहरा होंगे। इसलिए अपने कैरियर के निर्माण पर ध्यान दें तथा मेहनत व लगन से समाज का नाम रोशन करें। समारोह में चूरू, झुंझनूं, नागौर व सीकर जिले के बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे। अंत मेंं छात्रावास के अधीक्षक नूर मोहम्मद खां ने आभार व्यक्त किया। पूर्व छात्र सम्मेलन में पूर्व छात्रों व समाज के लोगों ने छात्रावास के विकास व समाज में शिक्षा के प्रसार सहित कई विषयों पर चर्चा भी की। इस दौरान छात्रावास के भवन की दशा पर चर्चा कर नए भवन के निर्माण पर भी विचार किया गया। इसके लिए समाज के लोगों से चर्चा कर कार्ययोजना बनाने की बात कही गई।
खास कार्यक्रम के लिए आए विदेश से
कायमखानी छात्रावास के पूर्व छात्र सम्मेलन में देश के कोने कोने में बसे व विदेश में कारोबार कर रहे पूर्व छात्रों ने शिरकत की। समारोह के लिए कुछ लोग तो खास कर खाड़ी देशों से छुट्टी लेकर आए थे।
इनमें खारिया नागौर के मनफूल खां व बैरी नागौर के मनसब खां का दुबई में कारोबार कर रहे हैं। कार्यक्रम को लेकर उनमें काफी उत्साह था। मनफूल खां व मनसब खां ने बताया कि उन्होंने कार्यक्रम के लिए 15 दिन पहले ही छुट्टी ले ली थी। इसी तरह के विचार न्यायाधीश अयूब खां व अन्य पूर्व छात्रों के थे।
भावविभोर हुए छात्र
समारोह में पूर्व साथी बरसों बाद एक दूसरे से मिले। इससे स्कूल कॉलेज के समय की यादें ताजा हो गई। इस दौरान पुरानी बातों को याद करके सभी भाव विभोर हो गए। 1985- 86 में छात्रावास में रहे मोहम्मद अयूब खां फिलहाल चूरू में पारिवारिक न्यायालय में जिला जज हैं। इसी तरह 1984- 85 में छात्रावास में रहे यूनुस खां गनेड़ी भाजपा के शीर्ष नेताओं में शुमार किए जाते हैं। सीकर नगर परिषद के सभापति जीवण खां भी छात्रावास में रहे हैं।






No comments:
Post a Comment