Breaking News
recent

पोकरण क्षेत्र में मिग 27 विमान गिरा,पायलट ने कूदकर बचाई जान

जैसलमेर. भारतीय वायु सेना की ओर से इन दिनों चलाए जा रहे युद्धाभ्यास वायु शक्ति के दौरान मंगलवार शाम को मिग 27 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जानकारी मिलते ही वायु सेना के अधिकारी हरकत में आ गए। सूत्रों के अनुसार पोकरण फिल्ड फायरिंग रेंज स्थित खेतोलाई क्षेत्र में परमाणु परीक्षण स्थल के समीप यह हादसा हुआ। दुर्घटना में पायलट स्कवार्ड लीडर बी. कोतवाल ने कूदकर जान बचाई, उन्हें वायु सेना के हेलिकॉप्टर से जोधुपर ले जाया गया है। वायु सेना ने इस संबंध में कोर्ट ऑफ इन्क्वारी के आदेश दे दिए है। गौरतलब है कि भारतीय वायु सेना की ओर से इन दिनों ताकत व युद्धक क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए पोकरण फिल्ड फायरिंग रेंज में अभ्यास किया जा रहा है। मुख्य आयोजन 16 फरवरी को होगा। जिसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री सहित देश की कई हस्तियों के आने की संभावना जताई जा रही है। घटना के बाद वायु सेना की ओर से समूचे क्षेत्र को अपने कब्जे में ले लिया। रेंज के भीतर किसी के भी आने पर रोक लगा दी।
लहराते विमान को देखकर भांप गए खतरा
सूत्रों के अनुसार पोकरण फिल्ड फायरिंग रेंज में इन दिनों वायुसेना के अधिकारी-कर्मचारी डेरा डाले हुए है। शाम को जब मिग-27 उड़ा तथा कुछ देर में उसका संतुलन बिगड़ गया। यह विमान निर्जन क्षेत्र में गिरा। इस दौरान और तेज धमाके की आवाज हुई। बताया जा रहा है कि वायुसेना के जवानों ने विमान गिरने से पूर्व उसे हवा में लहराते हुए देख लिया था। उन्होंने क्षेत्र को अपने कब्जे में ले लिया और हादसे के निकट आवाजाही पर रोक लगवा दी। ग्रामीणों के अनुसार फिल्ड फायरिंग क्षेत्र के समीप खाली पड़ी जमीन पर आसपास क्षेत्र के चरवाहे अपनी बकरियां चराते है तथा पशु भी विचरण करते रहते है, लेकिन मंगलवार को विमान गिरने के समय यहां कोई चरवाहा, पशुपालक या पशु नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया।

जैसलमेर में विगत वर्षों में हुए हादसे
1. 19 फरवरी 2013 - चांधन क्षेत्र में अचलसिंह की ढाणी के समीप सुखोई विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त।
2. 16 जुलाई 2015- जियाई गांव के समीप में टोही विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त।
3. 5 नवंबर 2015 - चांधन क्षेत्र के समीप सेना का टोही विमान हुआ हादसे का शिकार
4. 19 नवंबर 2015- पोकरण के समीप बड़ली मांडा गांव के पास खेत में दुर्घटनाग्रस्त हुआ टोही विमान
5. 12 फरवरी 2019 - पोकरण फिल्ड फायरिंग रेंज में खेतोलाई क्षेत्र के समीप मिग-27 दुर्घटनाग्रस्त।

जैसलमेर से भरी थी उड़ान
मिग 27 ने जैसलमेर से उड़ान भरी थी और यह शाम 6 बजकर 10 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पायलट सुरक्षित है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
- कर्नल संबित घोष, रक्षा प्रवक्ता



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.