Breaking News
recent

बकरियों का पेट भरने के लिए पेड़ पर गिरा वृद्ध सीधे 40 फीट गहरे कुएं में जाकर गिरा

उदयपुर/ झाड़ोल. बकरियों के लिए पाला तोडऩे पेड़ पर चढ़ा वृद्ध संतुलन खोकर समीप स्थित कुएं में जा गिरा। सिर पर पानी की मोटर व पत्थर की चोट लगने से वृद्ध ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर ओगणा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंपा।
पुलिस ने बताया कि ओगणा निवासी सुभाष (55) पुत्र मांगीलाल पूर्बिया शनिवार शाम करीब ४ बजे बकरियों को चराने के लिए निकला था। वह किशनलाल पूर्बिया के खेत स्थित कुएं के समीप बकरियों के लिए पाला तोडऩे चढ़ा। तभी ऊंचाई पर जाते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और संभलने के दौरान वह समीप स्थित कुएं में सीधे जा गिरा। 40 फीट गहरे कुएं में पानी की मोटर और समीप रखे पत्थर के लगने से वृद्ध की मौके पर मौत हो गई। इधर, परिजन देर शाम वृद्ध की तलाश में घर से निकले, जिन्हें रविवार सुबह कुएं के समीप मोबाइल, चप्पलें व थैला मिला। परिजनों ने मौके पर उसकी तलाश की तो शव कुएं में तैरता मिला। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की।

हथकड़ शराब के साथ गिरफ्तार
अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ को लेकर जिला पुलिस की ओर से जारी अभियान के तहत झाड़ोल थाना पुलिस ने गोरण गांव में कार्रवाई कर पांच ड्रम में भरी करीब 50 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी चंद्रशेखर पालीवाल, चौकी प्रभारी मुकेश कुमार एवं पुलिस बल ने गोरण निवासी तखतसिंह को गिरफ्तार किया। साथ ही हथकड़ शराब महुआ वॉश नष्ट किया।

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.