Breaking News
recent

नगरपालिका पोकरण का 4.66 करोड़ लाभ का बजट

जैसलमेर/पोकरण. नगरपालिका मंडल की साधारण बैठक पालिका अध्यक्ष आनंदीलाल गुचिया की अध्यक्षता में पालिका सभागार में शुक्रवार को आयोजित की गई। जिसमें पालिका के वर्ष 2019-20 के लिए चार करोड़ 66 लाख रुपए लाभ का बजट पारित किया गया। बैठक में नगरपालिका में विभिन्न स्त्रोतों से 62.50 करोड़ रुपए की आय व उसके विरुद्ध कस्बे के विकास सहित अन्य मदों में करीब 57 करोड़ 83 लाख रुपए का अनुमानित व्यय का बजट पारित किया गया। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सुनीलकुमार बोड़ा ने बताया कि पालिका मंडल सदस्यों की बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए बजट प्रस्तावों पर चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से आय-व्यय का बजट पारित किया गया। अधिशासी अधिकारी ने नगरपालिका की गत वर्ष की आय-व्यय का ब्यौरा सदन में प्रस्तुत किया तथा उन्होंने आगामी वित्तीय सत्र के लिए विभिन्न स्त्रोतों से होने वाली आय व अलग-अलग मदों में होने वाले व्यय का बजट प्रस्तुत किया।
इन मदों में खर्च की जाएगी राशि
-नगरपालिका मंडल की बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष में विकास को लेकर अनुमानित बजट पारित किया गया।
-कंकरीट सडक़ों पर तीन करोड़, डामर सडक़ों पर चार करोड़, पुलिया निर्माण पर एक करोड़, नाले नालियों के निर्माण पर खर्च होंगे 3 करोड़
-विद्युत उपकरणों के रख रखाव व कस्बे की प्रकाश व्यवस्था के लिए 50 लाख तथा ट्रांसफार्मर व अन्य विद्युत सामग्री खरीद पर एक करोड़ 70 लाख खर्च होंगे। -सार्वजनिक उद्यान रख रखाव के लिए 50 लाख रुपए, नए उद्यान विकसित करने पर 30 लाख रुपए, झील तालाबों की मरम्मत, संधारण एवं जनसुविधाओं के विकास पर 50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
-स्टेडियम पर 20 लाख रुपए, सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था के लिए एक करोड़ 10 लाख की धनराशि खर्च करने का प्रस्ताव पारित किया गया है।
-इसी प्रकार स्वच्छ भारत मिशन व सफाई व्यवस्था के लिए दो करोड़ 50 लाख, सांसद मद में 50 लाख रुपए, विधायक मद में 25 लाख रुपए खर्च होंगे।
-14वें वित्त आयोग के अंतर्गत करवाए जाने वाले विकास कार्यों के लिए चार करोड़ रुपए, राज्य वित्त आयोग पर साढ़े चार करोड़ रुपए की धनराशि खर्च की जाएगी।
-एनयूएलएम पर 50 लाख, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन योजना पर दो करोड़, विद्यालयों व अस्पताल में 40 लाख रुपए, बाजार भवन पर 50 लाख, सामुदायिक भवनों पर 20 लाख रुपए, कार्यालय भवन व अन्य आवास योजाओं पर पांच करोड़ 20 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
बैठक में अन्य मुद्दों पर किया विचार विमर्श
कस्बे में करवाए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों, सडक़, सीवरेज लाइन, अधूरे पड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने, नए विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई।
पार्षद लालसिंह ने सीवरेज लाइन लगाने के बाद जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी सडक़ों के पुनर्निर्माण, कॉलोनियों में भूखण्ड आवंटन, उपाध्यक्ष व पार्षदों के लिए अलग से बैठक हॉल निर्माण करवाने, महापुरुषों, शहीदों, संतों व प्रतिष्ठित लोगों के नाम से सडक़ों का नामकरण करने, सीवरेज लाइन के अंतिम बिंदु पर गंदे पानी के निस्तारण के लिए ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की मांग की। पार्षदों ने कस्बे के सौंदर्यकरण व अन्य विकास कार्यों पर चर्चा की। इस मौके पर पार्षद जुगलकिशोर व्यास, रामचंद्र कल्ला, खेताराम माली, नारायण रंगा, विजय व्यास, लाखाराम, प्रेमलता, प्रेम, संतोष सहित सदस्यों ने बजट पर चर्चा की। पालिकाध्यक्ष गुचिया ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.