Breaking News
recent

राजस्थान में यहां बदला मौसम का मिजाज, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में ओलावृष्टि के साथ दिए बारिश के संकेत

जैसलमेर।

राजस्थान के जैसलमेर जिले में मौसम ने एक बार फिर पलटा खाया। जैसलमेर जिले के सरहदी क्षेत्र खुईयाला सहित आसपास के रेगिस्तानी इलाकों में मंगलवार देर रात बूंदाबांदी होने से सर्दी का असर बढ़ गया। वहीं बुधवार को मौसम में अचानक बदलाव से बारिश की संभावना के साथ तेज ठंडी हवाएं चलती रही।

 

क्षेत्र में अचानक कभी धूल भरी आंधी व कभी बारिश के साथ तेज ठंडी हवाओं का चलना हर प्रकार से जनजीवन प्रभावित कर देने जैसा है। खुईयाला क्षेत्र सहित आस पास सरहदी इलाकों में इस प्रकार से मौसम के अचानक बदलने से बारिश की आशंका भी जताई जा रही है।

 

वहीं बीती रात से प्रदेश में भी फिर मौसम ने पलटा खाया और बुधवार तड़के से प्रदेश के कई इलाकों में हुई मावठ की बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हिमालय तराई क्षेत्र में एक साथ दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बीती शाम से प्रदेश के उत्तर पूर्व और पश्चिम के कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही बढ़ी है। वहीं बीते चौबीस घंटे में श्रीगंगानगर में भी हल्की बारिश दर्ज हुई है।

 

विक्षोभ के असर और अरब सागर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण अगले 48 घंटे प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि का दौर तेज होने का अंदेशा है। राजधानी जयपुर में बीती रात से तेज रफ्तार से सर्द हवाएं चली। सूर्योदय से पहले मेघ शहर पर मेहरबान हुए।

 

सुबह हुई रिमझिम बारिश से हल्की ठंडक महसूस हुई हालांकि सुबह का तापमान स्थिर रहा है। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी रात के तापमान में उतार चढ़ाव बना रहा है। जयपुर में आज सुबह छह बजे अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।

 

स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। आज से फाल्गुन मास शुरू हो गया है और सामान्यतया फाल्गुन मास में मौसम शुष्क रहता है और धूलभरी हवाएं चलती हैं। लेकिन बीते 24 घंटे में बदले मौसम के मिजाज से फिर विदा हो रही सर्दी मानों वापस लौटती दिखाई दे रही है।

 

मावठ की बारिश से अगेती फसलों को फायदा होने पर किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। हालांकि मौसम केंद्र की ओर से ओलावृष्टि होने के संकेतों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बीती रात प्रदेश में सर्द हवा के बावजूद रात के तापमान में दो तीन डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज हुई है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.