Breaking News
recent

विंडीज ने दिखाया 80 के दशक वाला दबदबा, लगातार दूसरे टेस्‍ट में इंग्‍लैंड को हराकर सीरीज किया अपने नाम

एंटीगुआ : विंडीज क्रिकेट टीम ने काफी अरसे बाद 80 के दशक वाला दबदबा दिखाते हुए तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में लगातार दूसरे टेस्‍ट मैच में इंग्लैंड को हरा कर अपराजेय बढ़त ले ली है। एंटीगुआ के सर विवियन रिचडर्स स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्‍ट में विंडीज ने इंग्‍लैंड को 10 विकेट से मात देकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पहले टेस्ट मैच की तरह इस मुकाबले में भी विंडीज की घातक तेज गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएं और मेजबान टीम ने तीन दिन में ही टेस्ट मैच जीत लिया। पिछले सात वर्षो में यह पहला मौका है, जब विंडीज ने अपने घर में बांग्लदेश या जिम्बाब्वे को छोड़कर किसी अन्य टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीती हो। इंग्लैंड के लिए यह हार इसलिए भी बड़ा झटका है, क्‍योंकि इस साल विश्‍व कप के बाद उसे आस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रतिष्ठित ऐशेज सीरीज भी खेलनी है।

विंडीज ने 10 विकेट से हासिल की जीत
दूसरे टेस्‍ट के तीसरे दिन इंग्लैंड ने मेजबान टीम के सामने महज 14 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे विंडीज ने बिना विकेट खोए मात्र 13 गेंदों में ही हासिल कर लिया।
इससे पहले विंडीज ने अपने दूसरे दिन के स्कोर छह विकेट पर 272 रनों से आगे खेलना शुरू किया। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने अधिक समय नहीं लिया और मेहमान टीम को 306 रनों पर ऑल आउट कर दिया। विंडीज की ओर से डारेन ब्रावो ने सबसे अधिक 50 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान जेसन होल्डर ने 22 रनों का योगदान दिया। मेजबान टीम ने पहली पारी के आधार पर 119 रनों की बढ़त बनाई।
इंग्लैंड के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड और मोइन अली ने तीन-तीन जबकि जेम्स एंडरसन और बेन स्टोक्स ने दो-दो विकेट लिए।

पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी सस्‍ते में सिमटा इंग्‍लैंड
पहली पारी में मात्र 187 रनों पर सिमटी इंग्‍लैंड की टीम की दूसरी पारी भी सस्‍ते में सिमट गई। मेहमान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। इंग्लैंड ने पहला विकेट 35 रन के कुल योग पर ही खो दिया। सलामी बल्लेबाज रॉरी बर्न्‍स को 16 के निजी स्कोर पर होल्डर ने आउट कर दिया। इस झटके से इंग्लैंड आखिरी तक नहीं संभल पाई और नियमित अंतराल पर उसने विकेट खोए। होल्डर के अलावा युवा गेंदबाज अल्जारी जोसफ ने भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए मेहमान टीम के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया। जोस बटलर (24) ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए।
तेज गेंदबाज केमार रोच ने मध्यक्रम और पुछल्ले बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर इंग्लैंड की पारी को 132 रनों पर ही समेट दिया।
रोच और होल्डर ने चार-चार, जबकि जोसफ ने दो विकेट लिए। रोच को उनकी दमदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.