Breaking News
recent

बिना भवन के 96 आंगनबाड़ी केन्द्र,अन्य सरकारी विभागों के भवनों में केन्द्रों का संचालन

जैसलमेर/पोकरण. आंगनबाड़ी केन्द्रों को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चाहे जितने दावे किए जातो हो लेकिन हकीकत यह है कि आज भी 96 आंगनबाड़ी केन्द्रों के पास स्वयं का भवन नहीं है। जिससे अन्य सरकारी विभागों के भवनों में केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है। विशेष रूप से आंगनबाड़ी केन्द्रों को पास के विद्यालयों में कमरे दिए गए हैं, जिससे विद्यालयों में विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
पोकरण क्षेत्र में 96 भवनों का अभाव
पोकरण के सांकड़ा ब्लॉक में 277 आंगनबाड़ी केन्द्र कार्यरत है। जिसमें से 181 केन्द्र स्वयं के भवनों में संचालित हो रहे है। जबकि शेष 96 आंगनबाड़ी केन्द्र पास के सरकारी भवनों अथवा विद्यालयों में संचालित हो रहे है। ये आंगनबाड़ी केन्द्र आज भी स्वयं के आंगन का इंतजार कर रहे हैं तथा केन्द्र पर नामांकित बच्चों को दूसरों के भवनों में बैठाया जा रहा है। आंगनबाड़ी केन्द्रों के पास स्वयं के भवन नहीं होने से उन्हें दूसरे भवनों की शरण लेनी पड़ रही है।
विद्यालयों में होती है परेशानी
भवनों के अभाव में आंगनबाड़ी केन्द्रों को पास स्थित सरकारी विद्यालय में संचालित किया जाता है। आमतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सरकारी विद्यालयों में कक्षा कक्षों की कमी रहती है। जिससे विद्यार्थियों को बठाने में भी परेशानी होती है। ऊपर से आंगनबाड़ी केन्द्रों को भी विद्यालयों में शिफ्ट कर दिए जाने से एक-दो कमरे उन्हें देने पड़ते हैं, जो विद्यालय प्रशासन के लिए कोढ़ में खाज का काम करते हैं।
चल रही है व्यवस्था
क्षेत्र में कई आंगनबाड़ी केन्द्रों के भवन निर्मित है। जिन केन्द्रों के पास स्वयं का भवन नहीं है, उन्हें पास के विद्यालय में संचालित किया जा रहा है, जिससे व्यवस्था चल रही है। भवन निर्माण के लिए ग्राम पंचायतों को लिखा गया है।
ओमप्रकाश चौधरी, परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, पोकरण।
फैक्ट फाइल:-
- 277 आंगनबाड़ी केन्द्र पोकरण क्षेत्र में
- 181 केन्द्रों के पास स्वयं का भवन
- 96 केन्द्र होते हैं अन्य भवनों में संचालित



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.