सवाई माधोपुर।
राजस्थान में 5 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर गुर्जरों का आंदोलन (Gurjar Aandolan) आज दूसरे दिन भी जारी रहा और अन्य जगहों पर भी सडक़ पर जाम लगाने से आंदोलन फैलता जा रहा है। आंदोलन की आग अब धीरे-धीरे लगभग सभी और फैलती जा रही है। आरक्षण की इस लड़ाई अब गुर्जर महिलाएं भी कूद पड़ी है। आज बड़ी संख्या में महिलाएं भी आंदोलनकारियों का साथ देने रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई और ट्रैक पर पड़ाव डाल दिया है। भारी संख्या में महिलाएं हाथों में लाठी लिए रेलवे ट्रैक पर मौजूद है।
वहीं पूरी रात रेलवे ट्रैक पर निकालने के बाद भी गुर्जर नेता किरोड़ी सिंह बैंसला (Kirori Singh Bainsla) आंदोलनकारियों के साथ वहीं डटे हुए है। बैंसला ने आज का भोजन भी ट्रैक पर ही किया। आंदोलनकारियों ने रेललाइन पर ही तम्बू लगाकर रात वहीं बिताई और दूसरे दिन भी अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन जारी रखा। आंदोलनकारियों के लिए ट्रैक पर पानी की टैंकरों द्वारा व्यवस्था की गई है। सुबह आंदोलनकारियों के लिए दूध की व्यवस्था भी की गई। इस दौरान कर्नल बैंसला खुद मौजूद हैं और अपनी मांग पर अडिग हैं। गुर्जरों ने दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर पड़ाव डाल रखा है।
गुर्जर आंदोलन अब तक हिंसक नहीं हुआ हैं, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक अवरुद्ध कर रखा है। बैंसला ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक आंदोलन करने की अपील की थी। बैंसला ने आंदोलन के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मांग को लेकर सरकार को बीस दिन पहले ही चेतावनी दे दी थी कि इस दौरान उनका हक दे दे, लेकिन सरकार ने उनकी अनदेखी की। अब जो होगा उसके लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं, इसके लिए केवल सरकार जिम्मेदार है।





No comments:
Post a Comment