सवाईमाधोपुर:रविवार तीसरे दिन आंदोलनकारियों के लिए खीर पूड़ी बनाई गई। खाना तैयार होने के बाद रविवार को आंदोलनकारियों ने पटरी पर ही पंगत लगा कर खाना खाया। भोजन की व्यवस्था में लगे लोगों ने बताया कि रविवार को आंदोलनकारियों को एक हजार लीटर दूध की खीर व 20 क्विंटल आटे की पूड़ी बना कर खिलाई गई। इससे पूर्व सुबह नाश्ते में छाछ राबड़ी परोसी गई। छाछ राबड़ी आस पास के गांवों से लोग बना कर लाए। खीर खिरखड़ा गांव वालों ने बनवाई व पूड़ी सब्जी खेड़लावासियों की ओर से बनवाई गई।
शिक्षा पर देना होगा ध्यान, तभी बनेगी बात
इस दौरान कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने रेलवे ट्रेक पर ही लाउड स्पीकर से समाज को सम्बोधित भी किया। बैंसला ने कहा कि हमें शिक्षा पर भी ध्यान देना होगा। विशेष कर बेटियों को पढ़ाना होगा। बेटी पढ़ेगी तो परिवार के साथ ही समाज भी तरक्की करेगा। सम्बोधन के दौरान बैंसला आरक्षण मसले पर भी विस्तार से बोले। उन्होंने समाज के लोगों से कहा कि इस बार हम 5 प्रतिशत आरक्षण लेकर ही यहां से हटेंगे। सरकार को हमारी मांग को पूरा करना होगा। बैंसला ने समाज को विश्वस दिलाते हुए कहा कि हम सरकार से वार्ता के लिए ट्रेक नहीं छोड़ेंगे। सरकार से ट्रेक पर ही समाज के सामने वार्ता होगी।





No comments:
Post a Comment