Breaking News
recent

आत्महत्या के लिए उकसाने व बच्चों की हत्या का मामला दर्ज

मानपुर . पांचोली गांव में गुरुवार शाम दो मासूम बच्चों की हत्या के बाद विवाहिता द्वारा गले में फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष के पति, सास सहित चार-पांच जनों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताडि़त व मारपीट करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने व बच्चों की हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद तीनों के शव पीहर पक्ष को सौंपकर जांच शुरू कर दी है।

 


थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पांचोली में गुरुवार शाम बंद कमरे में विवाहिता प्रियंका योगी, तीन साल की बेटी काजल व डेढ़ वर्ष के बेटे शेखर के शव मिलने के मामले में मृतका के भाई रघुवीर योगी निवासी झूथाहेड़ा थाना महुवा ने शुक्रवार सुबह रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसकी बहन प्रियंका की शादी वर्ष 2013 में हरिसिंह योगी निवासी पांचोली के साथ हुई थी। शादी के बाद पति हरिसिंह, सास गोमादेवी, ससुर का छोटा भाई सुरेश व उसकी पत्नी शीला आए दिन दहेज के लिए प्रताडि़त करते रहते थे। इससे परेशान होकर वह कई बार घर छोड़कर पीहर में चली गई थी, लेकिन समझाइश कर ससुराल पक्ष के लिए वापस ले गए।

 

 

इसके बाद भी उन्होंने प्रताडि़त करना नहीं छोड़ा, आखिरकार उसने परेशान होकर आत्महत्या कर ली। भाई ने रिपोर्ट में ससुराल पक्ष पर ही दोनों मासूम बच्चों को कमरे में बंद कर हत्या करने का आरोप लगाया है।

 


थानाप्रभारी ने बताया कि भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच बांदीकुई वृत्ताधिकारी नवाब खान कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे गांव के नाथ मोहल्ले में बंद कमरे में विवाहिता का शव फंदे से लटका हुआ व दोनों मासूम बच्चों के शव जमीन पर पड़े मिले थे।

 


एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

 


पांचोली में मां व दो बच्चों की मौत के मामले में शुक्रवार सुबह दौसा से पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल व अस्पताल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। वृत्ताधिकारी खान ने बताया कि विवाहिता व बच्चों के गले में चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

 


अस्पताल के बाहर लगी ग्रामीणों की भीड़


पांचोली में विवाहिता व दो मासूम बच्चों की मौत के मामले में सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। ग्रामीण अस्पताल में अलग-अलग जगह बैठकर घटना की चर्चा करते रहे। कुछ ग्रामीण पीहर पक्ष के लोगों से समझाइस में भी लगे रहे। अस्पताल में सुबह से ही भीड़ के कारण मरीजों को होने वाली असुविधा को देखते हुए पुलिसकर्मी बार-बार लोगों को बाहर निकालते रहे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.