Breaking News
recent

भाजपा के आरोप कांग्रेस ने जनता से किया छल

करौली. कांग्रेस ने प्रदेश में किसानों की सम्पूर्ण कर्ज माफी और 3500 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने के मामले में छलावा किया है। इसको लेकर भाजपा द्वारा युवा और किसान वर्ग के हित में कांग्रेस सरकार के खिलाफ 8 फरवरी से आंदोलन किया जाएगा। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने किसानों को धोखा देकर सत्ता हथियाई है।

यहां भंवर विलास स्थित मैरिज होम में गुरुवार को पत्रकार वार्ता में करौली-धौलपुर लोकसभा चुनाव प्रभारी व गंगापुरसिटी के पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस शासन में ठगा सा महसूस कर रही है।

कांग्रेस और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने दस दिन में सम्पूर्ण कर्ज माफी की घोषणा पत्र में बात कही थी, लेकिन राज्यपाल के अभिभाषण में सम्पूर्ण कर्जमाफी का उल्लेख ही नहीं था। इसके अलावा युवाओं को 3500 रुपए बेरोजगार भत्ता की बात भी कांग्रेस ने भुला दी है।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा की ओर से आठ फरवरी को प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष हेमेन्द्र वशिष्ठ, लोकसभा चुनाव संयोजक सहसंयोजक राजेन्द्र शेखपुरा, सत्यनारायण जैमिनी, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश राजोरिया, शिवकुमार सैनी भौरूसिंह जादौन, सुरेश शुक्ला, वीरेन्द्र मित्तल, तेजसिंह जमालपुर, विजय जाटव आदि मौजूद थे।
फिर लौटेंगे सत्ता में
चुनाव प्रभारी मानसिंह बोले कि भाजपा पूरी तरह लोकसभा चुनाव तैयारियों में जुट गई है। शुक्रवार को धौलपुर में करौली-धौलपुर जिलों की बैठक होगी। चुनाव के लिए 13 समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा और मोदी के साथ है। ऐसे में केन्द्र में एक बार फिर भाजपा सरकार बनाएगी। जिले में विधानसभा चुनाव में चारों सीटों पर हार के सवाल पर वे बोले कि भाजपा मजबूत स्थिति में है। वहीं जिले में संगठन में गुटबाजी को लेकर मानसिंह ने कहा कि जिले में नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जिनके नेतृत्व में सब मिलकर कार्य करेंगे।

कांग्रेस लोकतंत्र की मर्यादा भूल गई
चुनाव प्रभारी बोले कि कांग्रेस लोकतंत्र की मर्यादा भूल गई है। उन्होंंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उस बयान की निन्दा की, जिसमें गहलोत ने भाजपा के जेल भरो आंदोलन को लेकर कहा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं को यदि जेल में भेज दिया तो बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा।

मानसिंह ने सवाल किया कि सीएम बंद करने वाले कौन होते हैं। उनका यह बयान गलत है। गहलोत बड़े बोल नहीं बोलें।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.