Breaking News
recent

जिले में एक और स्वाइन फ्लू पॉजीटिव मरीज, जोधपुर में चल रहा उपचार

जैसलमेर/पोकरण. सरहदी जैसलमेर जिले के पोकरण क्षेत्र में दिनोंदिन बढ़ रहा स्वाइन फ्लू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को क्षेत्र में मिले एक और स्वाइन फ्लू पॉजीटिव मरीज ने चिकित्सा विभाग की नींद उड़ा दी है तथा क्षेत्र के लोगों में भी दहशत फैल गई है। गौरतलब है कि पूर्व में एक दर्जन से अधिक स्वाइन फ्लू पॉजीटिव के मरीज पाए गए है। जिनमें से बांधेवा में दो बच्चों की मौत हो चुकी है। विशेषकर फलसूण्ड क्षेत्र में स्वाइन फ्लू के मरीज पाए जा रहे है। शनिवार को भी क्षेत्र के नेतासर स्थित जंजों की ढाणी निवासी सेना के सुबेदार को स्वाइन फ्लू पॉजीटिव पाया गया है, जिसका जोधपुर में उपचार चल रहा है। जंजों की ढाणी निवासी पन्नेसिंह पुत्र मानसिंह सेना में सुबेदार है तथा पठानकोट में कार्यरत है। गत 28 जनवरी को वह छुट्टी पर गांव आया। यहां 30 जनवरी को बुखार, जुकाम व श्वास लेने में तकलीफ होने पर उसका फलसूण्ड अस्पताल में उपचार करवाया गया। यहां स्वाइन फ्लू की आशंका पर 31 जनवरी को उसे जोधपुर रैफर किया गया। यहां मथुरादास माथुर अस्पताल में जांच के दौरान स्वाइन फ्लू पॉजीटिव पाया गया। जिसका वहीं उपचार चल रहा है।
चिकित्सा टीम ने किया सर्वे
जंजों की ढाणी में स्वाइन फ्लू पॉजीटिव मरीज की सूचना पर फलसूण्ड राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की चिकित्सा टीम शनिवार को ढाणी पहुंची। डॉ.नीरज वर्मा की टीम ने यहां मरीज के परिवारजनों के स्वास्थ्य की जांच की तथा ढाणी में सर्वे किया। उन्होंने 17 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें टेमीफ्लू दी तथा सात लोगों की स्लाइड ली। टीम ने 40 टांकों में टेमीफोस डाली।
स्वाइन फ्लू की आशंका पर किया बीकानेर रैफर
नोख. स्थानीय निवासी एक गर्भवती महिला को स्वाइन फ्लू की आशंका पर बीकानेर रैफर किया गया। स्थानीय निवासी एक गर्भवती महिला को जुकाम, बुखार व श्वास लेने में तकलीफ होने पर स्थानीय राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद स्वाइन फ्लू की आशंका पर उसे बीकानेर रैफर किया गया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.