दौसा. लालसोट. शहर के लाल क्लब स्टेडियम के पीछे स्थित गुलाब कॉलोनी में रहने वाले एक जुगाड़ चालक की किसी ने हत्या कर शव को मंडावरी थाना क्षेत्र में लालसोट-कोटा मेगा हाइवे पर बिलौणा कलां गांव के पास एक गड्ढे में डाल दिया। सोमवार सुबह शव मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। शव पूरी तरह खून से लथपथ था और मुंह पर चोट के निशान थे। घटना से गुस्साए लोगों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए लालसोट शहर में ज्योतिबा फुले सर्किल व मंडावरी कस्बे में बस स्टैण्ड पर जाम लगा दिया। मौके पर लालसोट थाना प्रभारी करणसिंह व मंडावरी थाना प्रभारी उदयचंद भी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त नन्नू खां निवासी लालसोट के रूप में हुई।
शहर में पुलिस ने खदेड़ा
परिजन व अन्य लोग आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़ गए। इस दौरान मुस्लिम समाज के दर्जनों लोगों की भीड़ शहर के ज्योतिबा फुले सर्किल पर पहुंच गई और एनएच 11 ए व 11 बी पर यातायात अवरुद्ध कर दिया।
मौके पर लाससोट सीओ मनराज मीना, तहसीलदार हनुमानप्रसाद मीना व लालसोट थाना प्रभारी भी पहुंच गए। लोग आरोपियों की गिरफ्तारी, परिजनों को उचित मुआवजा व आश्रित को नौकरी की मांग पर अड़े रहे। करीब 15 मिनट समझाने के बाद भी जब लोगोंं ने जाम नहीं खोला तो पुलिसकर्मियों ने भीड़ को खदेड़ कर यातायात सुचारू किया।
सीसीटीवी में चालक के साथ दिखा एक युवक
घटना को लेकर एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें रविवार शाम करीब पांच बजे मृतक नन्नू खां शहर के एक पेट्रोल पंप पर डीजल लेने के लिए अपने जुुगाड़ में एक युवक के साथ बैठा हुआ नजर आ रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी के फुटेज जुटाए हैं।
मंडावरी कस्बे में भी लगाया जाम
लालसोट में जाम खुलवाने से नाराज लोगों ने कुुछ देर बाद उपखंड के मंडावरी कस्बे में एनएच 11 बी पर जाम लगा दिया। जाम से हाइवे के दोनों ओर वाहनोंं की लंबी कतारें लग गई। मंडावरी थाना प्रभारी उदयचंद ने लोगों को समझाकर जाम खुलवा दिया।
किराए पर जुगाड़ ले गया था
मृतक के पुत्र जायद खां ने लालसोट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया है कि उसके पिता नन्नू खां जुगाड़ चलाते थे। रविवार शाम करीब 5 बजे पाटनी पेट्रोल पंप पर एक अज्ञात व्यक्ति उन्हें सुकार से बिलौणा कलां एक भंैस ले जाने के लिए किराए पर जुगाड़ सहित ले गया। इस दौरान जेब में 30 हजार रुपए की नकदी भी थी। रात्रि नौ बजे तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया तो वह भी स्विच ऑफ था। रात भर ढूंढने के बाद नन्नू खां का एक जूता टोडाठेकला गांव के पास मिला। थोड़ी देर बार शव भी मिल गया।
उद्योग मंत्री ने दिया आश्वासन
जाम खुलने के बाद मुस्लिम समाज के दर्जनों लोग पार्षद सिराज मोहम्मद व मुस्लिम महासभा के अध्यक्ष बंटी लुहार के नेतृत्व में शहर की जगदंबा कॉलोनी स्थित उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना के निवास पर पहुंच गए। इस दौरान समाज के लोगों ने नन्नू खां की हत्या केे मामले का तत्काल खुलासा करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। उद्योग मंत्री ने जिला पुलिस अधीक्षक प्रहलाद सिंह से दूरभाष पर बात करते हुए तत्काल मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। मुस्लिम समाज के लोगों को भी त्वरित पुलिस जांच का भरोसा दिया।
एएसपी की अगुवाई में हुआ टीम का गठन
लालसोट सीओ मनराज मीना ने बताया कि मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक ने एएसपी की अगुवाई में जांच दल का भी गठन कर दिया है। सीसीटीवी में मृतक नन्नू खां के साथ बैठे युवक की तलाश शुरू कर दी है। इस तरह की वारदातों को पूर्व में अंजाम दे चुके आपराधिक तत्वों की भी तलाश जारी है। पुलिस की एमओवी एफएसएल टीम व डॉग स्कावयड ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।






No comments:
Post a Comment