नांगल राजावतान. थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग का अपहरण कर बलात्कार करने के मामले में ढाई माह से फरार आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी रजत खींची ने बताया कि रूड़मलकाबास कालाखोह निवासी आरोपी राजेश योगी ने तीन दिसम्बर को नाबालिग का अपहरण कर बलात्कार किया था। घटना को लेकर नाबालिग के पिता ने 4 दिसम्बर 2018 को थाने में मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने नाबालिग को दस्तयाब तो कर लिया, लेकिन आरोपी ढाई माह से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक प्रहलादसिंह के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी की तलाश में गुजरात में दबिश दी। आरोपी को गुजरात के जिला महसाणा के गांव आचलपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में थानाधिकारी सहित उप निरीक्षक सीताराम, हैण्ड कांस्टेबल दीपककुमार, कांस्टेबल निहाल सिंह आदि शामिल थे।
राजकार्य में बाधा के मामले में एक गिरफ्तार
नांगल राजावतान पुलिस ने रविवार को राजकार्य में बाधा डालने व सरकारी कर्मचारी से मारपीट करने के आरोपी को थमड़ी गांव से गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी ने बताया कि न्यायालय के कर्मचारी रमेश मीना ने मामला दर्ज कराया था कि वह न्यायालय का नोटिस लेकर गांव थमड़ी निवासी कैलाशचंद मीना के पास गया। इस दौरान आरोपी ने कर्मचारी के साथ मारपीट कर राजकार्य में बाधा पहुंचाई।
ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
कुण्डल. क्षेत्र से गुजर रहे रेलवे ट्रेक पर निमाली-कालोता गांव के समीप रविवार सुबह ट्रेन से गिरने पर एक युवक की मौत हो गई। रेलवे के गेटमैन की सूचना पर मौके पर पहुंचे कोलवा थानाप्रभारी ने युवक के शव को जिला चिकित्सालय भेजकर मोर्चरी में रखवाया। कोलवा थानाप्रभारी बृजेश कुमार मीना ने बताया कि रविवार सुबह करीब पौने आठ बजे रेलवे ट्रेक पर किसी युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर मय जाप्ते के पहुंची पुलिस को युवक का शव रेलवे ट्रेक के समीप मिला।
पुलिस ने उसकी जेब में मिले दस्तावेज के आधार पर मृतक की शिनाख्त विग्नेश कुमार (22) पुत्र मुरूगन निवासी बोदिनायाक्कनपुर, सिलमलाई, तमिलनाडु राज्य के रूप में की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक के ट्रेन की सीढिय़ों पर बैठकर यात्रा करते समय नींद आ जाने से ट्रेन से गिरने का अंदेशा जताया जा रहा है। जांच के बाद ही मामले की पुष्टि हो सकेगी।





No comments:
Post a Comment