एक दशक बाद मिली इलाके को सौगात
-श्रीगंगानगर-सीकर सुपरफास्ट ट्रेन को सांसद ने दिखाई हरी झंडी
-सप्ताह में तीन दिन चलेगी गाड़ी, रात 10 बजे रवाना हुई गाड़ी
श्रीगंगानगर. आखिर एक दशक के लंबे इंतजार के बाद श्रीगंगानगर को सीकर के लिए गाड़ी मिल गई। यह गाड़ी मंगलवार रात दस बजे जैसे ही रवाना हुई नागरिकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सांसद निहालचंद मेघवाल और उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक एके दूबे ने हरी झंडी दिखाकर इस सुपरफास्ट गाड़ी को रवाना किया।
रेलवे ने इस गाड़ी को दुल्हन की तरह सजाया। गाड़ी के लोको पायलट रामप्रकाश व गार्ड परमजीत सिंह धारीवाल का स्वागत किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में यह गाड़ी श्रीगंगानगर से सीकर के मध्य सप्ताह में तीन दिन चलेगी। रींगस-जयपुर रेल मार्ग के आमान परिवर्तन का कार्य पूरा होने के बाद रेल प्रशासन इस गाड़ी का जयपुर तक विस्तार कर देगा। साथ ही गाड़ी को नियमित भी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि रेल राज्य मंत्री राजेन गोहांई व उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने 10 फरवरी को सुबह 11 बजे इस गाड़ी को सादुलपुर से रवाना कर उद्घाटन किया था। मंगलवार को गाड़ी के श्रीगंगानगर से सीकर रवानगी के समय सीनियर डीसीएम जितेन्द्र मीणा, सीनियर डीइएम जेपी शर्मा, सहायक वाणिज्य प्रबंधक जितेन्द्र शर्मा, स्टेशन अधीक्षक डीके त्यागी और विजेंद्रपाल सिह तीन सीसी सहित कई व्यापारी,भाजपा नेता और रेलवे के कर्मचारी-अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
-------------
पहले दिन 113 यात्रियों ने किया सफर---पहले दिन इस गाड़ी में 113 यात्रियों ने सफर किया। इसमें थर्ड एसी में 24,पांच स्लीपर क्लास और 82 साधारण यात्रियों ने पहले दिन सफर किया। इससे रेलवे को 25 हजार 190 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।
------------------
सप्ताह में तीन दिन चलेगी गाड़ी---स्टेशन अधीक्षक डीके त्यागी ने बताया कि गाड़ी संख्या 14715 श्रीगंगानगर-सीकर सुपर एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार व शनिवार रात 10 बजे श्रीगंगानगर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6.05 बजे सीकर पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14716 सीकर-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार व रविवार को सीकर से रात 11.10 बजे प्रस्थान कर अगले दिन प्रात: 7.20 बजे श्रीगंगानगर पहुंचा करेंगी। सीकर का स्लीपर का 240 रुपए और थर्ड एसी के 655 रुपए किराया तय किया गया है।
-------------
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव--इस गाड़ी का सादुलशहर, हनुमानगढ़ जंक्शन, हनुमानगढ़ टाउन, ऐलनाबाद, नोहर, भादरा, सादुलपुर, चूरू व फतेहपुर शेखावाटी स्टेशनों पर ठहराव होगा। इस गाड़ी में एक थर्ड एसी, दो स्लीपर, 6 जनरल कोच और दो गार्ड के डिब्बों सहित कुल 13 कोच होंगे।
-------------
इलाके के यात्रियों को मिलेगा लाभ---श्रीगंगानगर से सीकर के बीच गाड़ी चलने पर इलाके के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। रेलवे के अनुसार इस मार्ग पर श्रीगंगानगर, सादुलशहर, हनुमानगढ़ जंक्शन, टिब्बी, तलवाड़ा झील, ऐलनाबाद, नोहर, भादरा,सिद्धमुख, सादुलपुर जंक्शन, चूरू जंक्शन,फतेहपुर शेखावाटी और सीकर जंक्शन स्टेशन हैं।
-------------
कहां कहां से चलेगी गाड़ी
-श्रीगंगानगर से मंगलवार, गुरुवा और शनिवार को रवाना होगी ।
-सीकर से बुधवार, शुक्रवार और रविवार को वापस रवाना होगी।
किराया
-स्लीपर का 240 रुपए और थर्ड एसी का किराया 655 रुपए
-श्रीगंगानगर से सीकर तक सामान्य किराया-130 रुपए
पांच करोड़ रुपए की लागत से निर्मित रेल मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री का शुभारंभ
रेलवे स्टेशन पर नव स्थापित मैकेनाइज्ड लॉंड्री का मंगलवार को सांसद निहालचंद ने शुभारंभ किया। इस मौके पर सांसद ने कहा कि इस क्षेत्र में रेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं और पांच वर्ष में गंगानगर से 13 नई रेलगाडिय़ां प्रारंभ हुई है। आने वाले दिनों में दो और नई गाडिय़ां शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि रेल विद्युतीकरण के लिए 286 करोड़ रुपए मंजूर हो चुके हैं और हनुमानगढ़ तक कार्य चल रहा है।
इस क्षेत्र का सबसे बड़ा गुड शैड बनवाली में ढाई करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इस क्षेत्र को ग्रीन कोरिडोर का लाभ भी मिलेगा,जो अमृतसर से भावनगर तक जाएगा। जिस पर 25 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। सांसद ने कहा कि सीमांत क्षेत्र विकास योजना में भी 30 करोड़ रुपए मिले हैं।
--------------
मिला है युवाओं को रोजगार----सांसद ने कहा कि 4 मई 2019 तक सभी रेलवे स्टेशन पर वाइ फाइ की सुविधाएं मिलने लगेगी। मैकनाइज्ड लॉड्री 600 चद्दरें प्रति घंटा धुलाई करती है। इस प्रकार पूरे दिन में 7 से 7.50 टन तक चद्रें,तकियां,कंबल इत्यादि की धुलाई की जाती है। इस प्रोजेक्ट में चद्दरें तकिया की धुलाई के बाद श्रीगंगानगर,बीकानेर, हिसार, भिवानी तक आपूर्ति की जाएगी। इस प्रोजेक्ट में लगभग 55 युवाओं को रोजगार दिया गया है। वाशिंग लाइन बनने से नई गाडिय़ां आने की संभावना बढ़ गई है। इस प्रोजेक्ट पर पांच करोड़ रुपए की राशि खर्च हुई है।
--------------
रेल विकास के लिए 28 करोड़ की राशि मंजूर--उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक एके दूबे ने कहा कि बीकानेर मंडल के 17-18 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण का कार्य हुआ है। श्रीगंगानगर जिले में प्लेटफार्म को ऊंचा करने सहित कई निर्माण कार्य के लिए 330 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। अभी तक विभाग को 28 करोड़ रुपए की राशि मिल चुकी है और जैसे-जैसे केंद्र से बजट मिलेगा, रेलवे का निर्माण करता रहेगा।
-------------
28 फरवरी को चलेगी तिलक ब्रिज गाड़ी--इलाके की जनता को कम किराए में दिल्ली के लिए एक और रेल सेवा की सौगात 28 फरवरी को मिलेगी। यह रेलगाड़ी पूरी तरह से ओवरनाइट पैसेंजर रेल सेवा होगी। इसे रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है।





No comments:
Post a Comment